कासगंज: यात्रियों को पेयजल के लिए उठानी पड़ती है परेशानी, प्यासों को मुंह चिढ़ा रहे खराब पड़े आरओ वाटर कूलर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज,अमृत विचार: शहर और कस्बों में जनप्र्रतिनिधियों एवं विभिन्न योजनाओं के तहत लगाए गए आरओ वाटर कूलर खराब पड़े हैं। जिससे भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। इनके रखा-रखाव की जिम्मेदारी लिए निकाय प्रशासन अनदेखी कर रहा है। शहर के स्वास्थ्य केंद्र पर लगा आरओ वाटर कूलर लगभग एक सप्ताह से खराब है।

भीषण गर्मी में प्यास से व्याकुल लोगों के लिए प्यास बुझाने को शहर और कस्बों में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी निधि व अन्य योजनों के तहत सार्वजनिक स्थलों पर आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं। सांसद और विधायक निधि से लगे तमाम वाटर कूलर खराब पड़े हैं। शहर के स्वास्थ्य केंद्र पर लगा यह वाटर कूलर लगभग एक सप्ताह से खराब है।

यहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज और तीमादार पहुंचते है और पानी न मिलने पर वह पेयजल के लिए भटकते नजर आते हैं। बिलराम गेट पुलिस चौकी के समीप रखा आरओ वाटर भी लंबे समय से खराब पड़ा है। शहर के मालगोदाम चौराहे पर लगा आरओ वाटर भी लगभग एक वर्ष से खराब पडा है। भीषण गर्मी में लोग पीने के पानी के भटकते रहते हैं। जिम्मेदार बेखबर है।

नगर पालिका में लगा आरओ वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है। लोगों को पीने के पानी की परेशानी होती है। वाटर कूलर सही होने चाहिए- नरेंद्र यादव। 

शहर के मालगोदाम चौराहे पर लगा आरओ वाटर कूलर कई वर्षों से खराब पड़ा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों एवं यात्रियों को पीने के पानी का संकट होता है। पालिका को आरओ वाटर सही कराने चाहिए-आशू। 

निकायों की होती है रख-रखाव की जिम्मेदारी
प्रक्रिया के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी निधि से पेयजल के आरओ वाटर कूलर ठेकेदारों के माध्यम से लगवाए जाते हैं। इसके बाद इन्हें रख-रखाव के लिए इन्हें निकायों के हैंडओवर किया जाता है। फिर निकाय ही इनका रख-रखाव करती है, लेकिन सामान्य रूप जनप्रतिनिधि इन्हें लगवाकर छोड़ देते हैं और हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं करते। यही कारण है कि निकाय इन्हें नजर अंदाज करते हैं।

इस संबंध में जब अधिशासी अधिकारी कासगंज अमित कुमार से संपर्क किया गया तो कई बार रिंग जाती रही, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

ये भी पढ़ें- कासगंज: विद्युत कटौती के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, ग्रामीणों ने आक्रोश जताकर बिजली घर का किया घेराव

संबंधित समाचार