लखनऊ: सड़क पर युवती को पीटा, थाने में किया हंगामा, ब्लेड से काटा अपना गला
लखनऊ, अमृत विचार। आशियाना इलाके के प्रियम प्लाजा के पास शनिवार दोपहर में नशे में धुत युवक ने युवती को सरेराह पीटा। इसके बाद हाथ की नस काट ली। युवती का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटककर तोड़ दिया। इसी हालत में थाने पहुंचा। जीडी कार्यालय में पहुंचकर हंगामा करने लगा। पुलिस ने उसे फटकार लगाई तो ब्लेड से गले पर वार कर दिया। हालांकि प्रभारी निरीक्षक का दावा है कि हाथ की नस और गला काटकर बाहर से आया था। उसका इलाज कराया गया। आरोपी युवक के खिलाफ युवती ने छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज कराया है।
बीच रास्ते में रोककर की मारपीट
पीड़िता ने बताया कि घरों में साफ-सफाई का काम करती है। दोपहर में वह काम करने जा रही थी। इसी बीच नशे में धुत बाइक सवार आरोपित शिवा रावत ने उसका कुर्ता पीछे से पकड़कर सड़क पर पटक दिया। मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद बाइक से फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि पिता के साथ आशियाना थाने पहुंची और शिवा के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत की थी।
इधर, युवती को भी लोकबंधु अस्पताल में भर्ती किया गया है। युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी मेरा पड़ोसी है। मैं घर में साफ-सफाई का काम करती हूं। दोपहर 12 बजे के आसपास मैं तीन घरों का काम निपटाकर चौथे घर पर काम करने जा रही थी, तभी बीच रास्ते में शिवा मिल गया। वह नशे में धुत था।
जान से मारने की दी थी धमकी
बाइक रोककर सरेआम मेरा कपड़ा खींचने लगा। विरोध करने पर उसने उठाकर पटक दिया। इस दौरान उसने चाकू मारने की भी कोशिश की। वह मोबाइल छीन कर भाग गया। इससे पहले फोन कर हमें और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दिया था।
युवती के पिता की दुकान पर की तोड़फोड़
प्रियम प्लाजा के पास लकड़ी के पिता की दुकान है। घटना के बाद लड़की के घर वाले जैसे ही थाने पहुंचे वैसे ही आरोपी दुकान पर पहुंच गया। यहां वह गाली गलौज शुरू कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ भी करने लगा।
मां बोली एक दूसरे से करते है प्यार
घटना की जानकारी मिलते ही युवक की मां अस्पताल पहुंची। उसने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। आज किस बात को लेकर दोनों के बीच लड़ाई हुई यह जानकारी नहीं है। दोनों पहले साथ में पढ़ाई करते थे। तभी से एक-दूसरे को चाहने लगे थे। अब दोनों ने पढ़ाई छोड़ दी है।
इलाज के बाद थाने लेकर पहुंची पुलिस
आरोपी शिवा रावत का इलाज होने के बाद लोकबंधु अस्पताल से साढ़े 4 बजे वापस आशियाना थाने लेकर पहुंची है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती उन्नाव जनपद के विषपरी थाना इलाके के अजगैन के रहने वाली हैं। सालेहनगर में करीब तीन वर्षों से परिवार के साथ किराए पर रहते हैं।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, छत पर पड़ा मिला शव-मुकदमा दर्ज
