पीलीभीत: बिना सूचना दिए छह घंटे के लिए बंद कर दी बिजली सप्लाई...चालू होने के बाद भी कई बार आंख-मिचौली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। देर से आना जल्दी जाना..मौजूदा बिजली व्यवस्था का हाल बयां करने के लिए ये पंक्तियां काफी है। आलम ये है कि कुछ देर की सप्लाई और फिर घंटों की अघोषित कटौती अभी भी बरकरार है।  एक बार फिर सुधार कार्य के नाम पर छह घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। 

खास बात रही कि इसकी कोई सूचना पहले से पावर कॉरपोरेशन की ओर से जारी नहीं की गई। जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। सुबह के वक्त हुई घंटों की कटौती से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो गए।  कई उपभोक्ताओं ने इसे लेकर नाराजगी भी जताई। करीब छह घंटे बाद सप्लाई चालू करा दी गई लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था लड़खड़ाई रही।

गर्मी की दस्तक के साथ ही शहरवासियों के सामने बिजली की अघोषित कटौती की समस्या गहराती नजर आ रही है। जैसे-जैसे पारा बढ़ रहा है और गर्मी की मार पड़ रही है। वैसे-वैसे समस्या भी बढ़ती जा रही है। दिन हो या रात कब बिजली चली जाए कुछ पता नहीं।  

गुरुवार को देर रात तक बिजली की आंख मिचौली चलती रही। इसके बाद शुक्रवार सुबह लोगों की आंख खुली तो फिर बिजली गुल थी।  जिसके बाद घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो गए। अधिकांश घरों में पानी की सप्लाई विद्युत संचालित मोटरों पर निर्भर है। बिजली नहीं आई तो लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। 

जब काफी देर बाद भी सप्लाई चालू नहीं हुई और परेशानी बढ़ी तो लोगों ने पावर कॉरपोरेशन के सूचनाओं का आदान प्रदान करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी की। जिसमें पता चला कि असम हाईवे पर पोल और तार हटवाने का काम कराने के लिए शटडाउन लिया गया है।  इसके बाद लोगों का रोष भी दिखा। चूंकि जब काम कराया जाना था तो इसकी पहले से सूचना नहीं दी गई थी। 

लोगों का कहना था कि अगर सूचना पहले से दी गई होती तो वह उसी तरह से इंतजाम पहले से कर लिया करते। इसे मनमानी और लापरवाही से जोड़कर देखा गया। फिर जिम्मेदारों ने जल्द सप्लाई चालू होने का हवाला दिया। फिर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सप्लाई चालू कराई जा सकी।  इस दौरान बल्न्लभनगर कॉलोनी, लाल रोड, नई बस्ती, निरंजनकुंज कॉलोनी, एकता नगर, आसफजान, साहूकरा, काला मंदिर, अशोक कॉलोनी समेत शहर के अधिकांश इलाकों की बिजली गुल रही थी।

व्यापारी नेता बोले-बिना सूचना कटौती करना गलत
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष देवेश बंसल ने अघोषित कटौती को लेकर अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर जाहिर करते हुए रोष जताया। उनका कहना था कि जब पूर्व में मालूम होता है कि सुबह से लाइट नहीं आएगी तब इसकी ग्रुप पर सूचना देनी चाहिए। सुबह से लोगो को कितने कार्य होते हैं यदि पूर्व सूचित हो तब लोग पहले से पानी इत्यादि की व्यवस्था करके रखते। इतनी घोर गर्मी में 5 से 6 घंटे की कटौती बिना किसी सूचना के होना गलत है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पर्वतारोही सत्यदीप ने एवरेस्ट की चोटी पर फहराया तिरंगा, दूसरे दिन ल्होत्से पर्वत की पूरी की चढ़ाई...मिल रहीं बधाई

 

संबंधित समाचार