उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर भारत कंस्ट्रक्शन कंक्रीट प्लांट सील
बाराबंकी, अमृत विचार। कच्चे माल के रूप में सीमेंट, मौरंग, गिट्टी, पानी और एडमिक्चर का प्रयोग कर आर.एम.सी का उत्पादन कर वायु प्रदूषण फैलाने वाली भारत कॉंस्ट्रक्शन कंक्रीट प्लांट को उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सील कर दिया गया।
उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा प्लांट का निरीक्षण 25 नवंबर 2023 को किया गया था। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि यह प्लांट 2014 में स्थापित हुआ था। बावजूद इसके प्लांट में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्थाई जल, स्प्रिंकलर, निर्माण सामग्री को ढकने के लिये ग्रीन नेट की व्यवस्था संथापित नहीं थी। साथ ही गिट्टी, सीमेंट, मौरंग की अनलोडिंग एवं परिसर के अंदर गाड़ियों के आने जाने से धूल के कण उड़ते पाए गए। जिससे वायु प्रदूषण की समस्या होने के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा था। प्लांट में स्थापित चिमनियों की ऊंचाई भी मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। इतना ही नहीं प्लांट बिना राज्य बोर्ड से अनापत्ति व सहमति प्रमाण पत्र लिए ही संचालित किया जा रहा था।
बोर्ड द्वारा इस विषय में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया। जिसका जवाब संयंत्र संचालक की तरफ से नहीं दिया गया। इन तमाम अनियमिताओं को ध्यान में रखते हुए उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड प्लांट को बंद करने का आदेश प्रशासन 13 मई 2024 को जारी कर दिये गए थे। गुरुवार को पुलिस वह प्रशासन की मौजूदगी में भारत कंस्ट्रक्शन कंक्रीट प्लांट सील कर दिया गया।
ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: जनता से किया गया हर वादा करूंगा पूरा- तनुज
