ईरान की जेल में पांच साल से बंद है सिद्धार्थनगर का कृष्ण मोहन, पत्नी ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री से की ये फरियाद  

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार। सिद्धार्थनगर जिले की रहने वाली एक महिला ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से अपने पति को रिहा कराए जाने की फरियाद की है। महिला का पति कृष्ण मोहन त्रिपाठी ईरान की बुशहर जेल में पांच साल से बंद है। पति की रिहाई को लिए महिला पांच साल से विदेश मंत्रालय को चक्कर काट रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। विदेश राज्य मंत्री ने उसे हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। 

सिद्धार्थनगर जिले के बनौली गांव की रहने वाली महिला श्वेता त्रिपाठी ने सोमवार को मनकापुर पहुंचकर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मुलाकात की। महिला ने बताया कि उसके पति कृष्ण मोहन त्रिपाठी दुबई की एक कंपनी में चीफ ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। श्वेता ने बताया कि जुलाई 2019 में वह तेल लाने के लिए जहाज से दुबई से ईरान गए थे। रास्ते में ईरानी पुलिस ने उन्हे जहाज सहित हिरासत में ले लिया था। बाद में फोन करके जानकारी दी गई कि तेल तस्करी करने के आरोप में उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके साथ कई अन्य लोग भी पकड़े गए थे। श्वेता ने बताया कि पांच साल में जहाज तो छूट गया लेकिन उनके पति की रिहाई नहीं हो सकी। वह पांच साल से ईरान के बुशहर जेल में बंद हैं। पति की रिहाई के लिए वह विदेश मंत्रालय का चक्कर काट रही है लेकिन कोई इंसाफ नहीं मिला है। 

श्वेता ने विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मुलाकात कर अपने पति की रिहाई की फरियाद की है। वहीं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने बताया की पीड़िता सोमवार को उनसे मिली थी। उसने एक शिकायती पत्र दिया है कि उनके पति ईरान में बंद है। पत्र के आधार पर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को जांच करके आवश्यक कार्रवाई करने की निर्देश दिए गए हैं। जो भी यथासंभव मदद होगी की जायेगी।

ये भी पढ़ें -अयोध्या में स्वच्छता के लिए अब शुरू होगा "राम का घर" महाअभियान

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज