कांग्रेस का आरोप- छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था बद से बद्तर, भाजपा सरकार को अविलंब बर्खास्त किया जाय

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था के बद से बद्तर होने का आरोप लगाते हुए लोगों के जान माल की रक्षा करने में ‘अक्षम’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के मुखिया और गृह मंत्री को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। बैज ने रविवार को यहां राजीव भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बद्तर होते जा रही है।

उन्होंने कहा, “हम मांग करते हैं कि ऐसी निक्कमी सरकार को जो लागों के जान माल की रक्षा नहीं कर पा रही उस सरकार के मुखिया और गृहमंत्री को तत्काल पद से हटाया जाये।” उन्होंने कहा कि दीपावली के तीन दिनों में राजधानी रायपुर में सात हत्यायें हुई हैं। राजधानी से लगे भिलाई, दुर्ग जिले में चार हत्यायें हुई है। तीन से चार दिनों में राजधानी क्षेत्र में रायपुर भिलाई में कुल 11 हत्यायें हुई है। जब देश का सबसे बड़ा त्योहार हो तब यह उम्मीद की जाती है, सरकार और पुलिस कानन व्यवस्था को बनाये रखने के लिये अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी। 

उस समय चार दिनों में 11 हत्यायें होना राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। श्री बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थिति तो बिहार, यूपी से भी ज्यादा डरावनी हो गयी है। साय सरकार छत्तीसगढ़ को मणिपुर बनाने पर तुली है। प्रदेश में पहली बार हो रहा कि जातीय आधार पर संघर्ष हो रहा है।  राजधानी के सकरी गांव में दंगा हो गया, एक घर में आग लगा दिया गया, वाहनों को जला दिया गया, यदि परिवार वाले गांव छोड़कर नहीं जाते 11 सदस्य का पूरा परिवार घर में जिंदा जल गया होता। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नही है। 

दामाखेड़ा जो कबीर पंथ का दुनिया का सबसे बड़ा तीर्थ स्थान माना जाता है। दामाखेड़ा आश्रम के बाहरी इलाके में 50-60 लोग पहुंचे और आश्रम परिसर में आग लगाने का प्रयास किया। उपद्रवियों ने आश्रम के मुख्य द्वार के पास जलता हुआ बम फेंका, जिससे आग लग गई और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। 

इसके बाद उपद्रवियों ने पत्थरबाजी भी शुरू कर दी, जिसमें आश्रम में मौजूद कई लोगों को चोटें आईं। आश्रम के उदित मुनि साहब को टारगेट कर हमला किया गया। अब धार्मिक स्थल सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। श्री बैज ने कहा कि बलौदाबाजार में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ हुआ सरकार ने ध्यान नहीं दिया। एसपी, कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। 

लोहारीडीह में एक आदमी की हत्या के बाद पुलिस की लापरवाही के कारण एक व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया। उसके बाद एक की पुलिस प्रताड़ना से मौत हो गयी। सूरजपुर में जनता का आक्रोश सरकार के खिलाफ इतना ज्यादा था कि एसडीएम को मारने भीड़ ने दौड़ा दिया। बलरामपुर के थाने में मौत के बाद महिलाओं ने पुलिस थाने पर हमला किया, महिला आईपीएस पर आक्रमण हुआ। 

प्रदेश की रोज-रोज घट रही अपराधिक घटनाओं उन घटनाओं के बाद जनता की प्रतिक्रिया यह बताने के लिये पर्याप्त है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। जनता का सरकार पर से पुलिस पर से भरोसा उठ गया है। विपक्ष के रूप में हमने सबसे ज्यादा सवाल कानून व्यवस्था को लेकर सदन से सड़क तक उठाया है, लेकिन सरकार है कि उसकी नींद नहीं टूट रही। विधानसभा घेराव किया, विधानसभा में सवाल उठाया, मुख्यमंत्री निवास घेरा, दर्जनों बार विरोध प्रदर्शन किया, पदयात्रा किया, लेकिन सरकार न जनता की आवाज सुन रही, न ही विपक्ष की आवाज।  

यह भी पढ़ें: ‘10 दिन के अंदर दे इस्तीफा नहीं तो...', CM योगी को जान से मारने की धमकी, सरकारी अमले में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार