सियार के हमले से होमगार्ड सहित पांच लोग घायल, गांव में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हलिया (मिर्जापुर)। जिले के हलिया कस्बे समेत तीन गांवों में सियार की वजह से दहशत का माहौल है। सियार ने हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों ने सियार को भगा दिया है,लेकिन उसके बाद भी ग्रामीणों में डर व्याप्त है।

हलिया कस्बा व भटवारी, मटिहरा गांव में मंगलवार की सुबह जंगली सियार ने होमगार्ड सहित पांच लोगो क़े ऊपर हमला कर घायल कर दिया, शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी डंडे से दौड़ाकर सियार को भगा दिया है। बताया जा रहा है कि हलिया कस्बा निवासी रामनिरंजन की 55 वर्षीय पत्नी धर्मावती अपने खेत की तरफ  गईं थी कि तभी अरहर की खेत से निकलकर सियार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इसी तरह हलिया कस्बा निवासी सल्लू पत्नी अजित, हलिया थाना के भटवारी गांव निवासी होमगार्ड राम आधार व हलिया कस्बा निवासी 15 वर्षीय सैफ व 35 वर्षीय राजकुमारी पत्नी कमलेश को भी सियार ने घायल कर दिया है। सियार के हमले से घायलों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन फानन में उपचार के लिए सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर प्राथमिक उपचार देकर मरीजों को घर भेज दिया गया है।

 

संबंधित समाचार