मुख्यमंत्री योजना के तहत निर्मित आधुनिक कल्याण मंडप: राज्यमंत्री ने किया लोकार्पण, खेली फूलों की होली
बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत रामसनेहीघाट क्षेत्र के धरौली वार्ड में लगभग 3 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत निर्मित आधुनिक कल्याण मंडप का सोमवार को भव्य समारोह के बीच लोकार्पण किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद फीता काटकर भवन का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। क्षेत्रवासियों को लंबे समय से विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान की कमी का सामना करना पड़ रहा था।
लोगों को ऐसे आयोजनों के लिए निजी मैरिज लॉन या दूर-दराज स्थानों पर महंगी बुकिंग करनी पड़ती थी, जिससे विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को काफी परेशानी होती थी। राज्यमंत्री सतीश शर्मा के प्रयासों से इस परियोजना के लिए 3.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी। दिसंबर 2022 में शुरू हुआ निर्माण कार्य अब पूर्ण होकर जनता के उपयोग के लिए तैयार हो गया है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस कल्याण मंडप में विशाल सभागार, मंच और किचन की व्यवस्था की गई है। सभागार में सैकड़ों लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य हॉल बनाया गया है। ऊपरी तल पर अटैच शौचालय और बाथरूम सहित कई कमरे भी बनाए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था हो सके। परिसर में पार्किंग, स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
लोकार्पण के बाद कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल बन गया। राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने सैकड़ों लोगों के साथ फूलों की होली खेली और लोगों ने उन पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। होली के गीतों और जयकारों के बीच लोगों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर पर्व का आनंद लिया। इस मौके पर राज्यमंत्री ने कहा कि यह कल्याण मंडप समाज के हर वर्ग के लिए उपयोगी साबित होगा और अब गरीब तथा मध्यम वर्ग के लोगों को विवाह व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए दूर-दराज स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आगे भी विकास कार्यों की यह गति जारी रहेगी। कार्यक्रम में नगर पंचायत रामसनेहीघाट के चेयरमैन डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह ‘रिंकू’, सभासद राम मिलन यादव, रवि सिंह, मधुकर तिवारी, दीपक वर्मा, अरविंद गुप्ता उर्फ लालजी, प्रधान राजकुमार तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें :
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आया बड़ा अपडेट: 45 दिन में शुरू हो जाएगी Commercial Flights, जानिए क्या बोले उड्डयन मंत्री
