जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आया बड़ा अपडेट: 45 दिन में शुरू हो जाएगी Commercial Flights, जानिए क्या बोले उड्डयन मंत्री 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अगले डेढ़ महीने में वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो जायेंगी।  नायडू ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में नोएडा हवाई अड्डे को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से पिछले सप्ताह एयरोड्रम लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि आम तौर पर एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होने में 45 से 60 दिन का समय लगता है। 

उन्होंने कहा कि एयरड्रम लाइसेंस मिलने के बाद ही विमान सेवा कंपनियां हवाई अड्डे से उड़ानों का शिड्यूल तय करती हैं। शिड्यूल तय करने के बाद वे उन मार्गों पर बुकिंग शुरू करेंगी। उन्होंने कहा, "हम (मंत्रालय) भी विमान सेवा कंपनियों से संपर्क कर रहे हैं। पैंतालीस दिन में उड़ानें शुरू हो जायेंगी। हम बड़े उद्घाटन समारोह की योजना बना रहे हैं।" 

 नायडू ने सदन को बताया कि साल 2014 में देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 थी जो अब बढ़कर 166 हो गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार यहीं पर रुकने वाली नहीं है। उसकी योजना और हवाई अड्डे बनाने की है। अगले पांच साल में 50 तथा 20 साल में 200 हवाई अड्डे और बनाने की योजना है। इस प्रकार साल 2047 तक देश में हवाई अड्डों की संख्या 350 के पार पहुंच जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि विकसित भारत के लिए विमानन अवसंरचना का मजबूत होना जरूरी है। 

पिछले 12 साल में देश में विमानों और यात्रियों दोनों की संख्या दोगुनी हो गयी है। अभी रोजाना औसतन पांच लाख यात्री घरेलू मार्गों पर और दो लाख यात्री अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डों की संख्या बढ़ाने के साथ सरकार सी-प्लेन (पानी की सतह पर उतरने और उड़ान भरने में सक्षम विमान) के परिचालन को भी बढ़ावा दे रही है। इसके लिए दिशा-निर्देशों में भी बदलाव किये गये हैं। साथ ही, हेलीकॉप्टरों के परिचालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें :
जश्न में डूबा प्रयागराज ...T20 World Cup जीत के बाद आतिशबाजी, लोगों में देखने को मिला जबरदस्त उत्साह

 

संबंधित समाचार