मोकामा गोलीकांड: बाहुबली अनंत सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर, अदालत ने भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पटना। बिहार में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल न्यायालय में गोलीकांड मामले में आरोपी मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह ने आज आत्मसमर्पण किया, जहां अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

बाढ़ कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह ने कहा कि सरकार का जो नियम होता है उसे हर किसी को पालन करना होता है, हम पर एफआईआर किया तो हमने सरेंडर कर दिया है। अब जेल जा रहे हैं, हम कानून का पालन करते हैं।

बाढ़ के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश सिंह ने बताया कि अनंत सिंह ने 22 जनवरी को मोकामा के नौरंगा जलालपुर गांव में हुई गोलीबारी के मामले में स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

एएसपी के अनुसार, इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में अनंत सिंह का नाम आरोपी के रूप में शामिल है। पुलिस कार्रवाई के दबाव के कारण अनंत सिंह ने आत्मसमर्पण किया, और अब उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पूर्व विधायक सिंह ने कहा, “वह इस मामले में कानून के तहत सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार हैं।”

हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि वह निर्दोष हैं और गोलीबारी में शामिल नहीं थे। गौरतलब है कि अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर आरोप है कि उन्होंने अपराधी सोनू-मोनू के घर पर गोलीबारी की थी। अनंत सिंह ने दावा किया कि आत्मरक्षा में उनके समर्थकों ने जवाबी फायरिंग की थी क्योंकि सोनू मोनू गिरोह की फायरिंग में उनके एक समर्थक को चोटें आई थीं। बताया जाता है कि सोनू मोनू गिरोह ने एक स्थानीय व्यक्ति के घर पर कब्जा किया था, जिसके बाद अनंत सिंह और उनके समर्थकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई छिड़ गई थी।

बता दें कि बिहार के मोकामा में 22 जनवरी को अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच 70 से 80 राउंड गोलियां चलीं थीं, जिसमें अनंत सिंह बाल-बाल बचे थे। वारदात के दौरान अनंत सिंह के एक समर्थक को गोली लग गई थी। इस मामले में पुलिस ने अनंत सिंह और सोनू मोनू को नामजद करते हुए कुल तीन FIR दर्ज की थीं।

ये भी पढ़ें-वक्फ बोर्ड की JPC बैठक में हंगामा, 1 दिन के लिए 10 विपक्षी सदस्यों को किया गया निलंबित

संबंधित समाचार