बरेली: सड़क खराब...अफसरों की टालमटोल पर भड़कीं महिलाएं, नगर आयुक्त की गाड़ी रोककर बताई समस्या
बरेली, अमृत विचार : नगर निगम के अफसरों की टालमटोल की वजह से बुरी तरह जर्जर हो चुकी सड़क साल भर बाद भी नहीं बन पाई तो शुक्रवार को वार्ड- 19 की आलोक नगर कॉलोनी की तमाम महिलाएं शुक्रवार को नगर निगम पहुंच गईं। उन्होंने नगर आयुक्त की गाड़ी रोककर उन्हें अपनी समस्या सुनाई और निर्माण विभाग पर उसकी अनदेखी का आरोप लगाया। इसके बाद निर्माण विभाग पहुंचकर भी शिकायत की।
महिलाओं ने नगर आयुक्त को बताया कि उनकी कॉलोनी में रईस खां डेयरी वाले के मकान से मुकंदी लाल के मकान तक 130 मीटर लंबी सड़क बुरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर कदम-कदम पर गहरे गड्ढे होने की वजह से उस पर चलना मुश्किल है। बाइक चलाने वाले अक्सर गिर जाते हैं, बच्चे भी ठोकर खाकर चोटिल होते रहते हैं। कॉलोनी के लोग करीब एक साल से नगर निगम के अफसरों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर बार कोई न कोई आश्वासन देकर उन्हें टाल दिया जाता है।
कॉलोनी की गुलशन, निधि, सीमा शर्मा, सपना, नीलम आदि महिलाओं ने नगर आयुक्त से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की। साथ आए अनुज कुमार शर्मा ने बताया कि कॉलोनी के लोग निर्माण विभाग के इंजीनियरों की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। एक साल वे प्रस्ताव तैयार करने का बहाना बनाते आ रहे हैं लेकिन सड़क का निर्माण नहीं करा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly: यात्रीगण कृपया ध्यान दें...रेलवे ने कर दी हैं कई ट्रेनें कैंसिल, घर से निकलने से पहले जान लें
