लखनऊ : राजभवन में गूंजे होली के मधुर गीत, बधाइयों का तांता  

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। रंगों के पर्व होली की पूर्व संध्या पर राजभवन में गणमान्य लोगों का तांता लगा रहा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विश्वविद्यालय के कुलपतियों ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर उन्हें होली पर्व की बधाई दी।  

इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी को उत्साह, ऊर्जा और रंगों से भरपूर होली की बधाई देते हुए कहा कि फूलों की होली सबसे अच्छी होती है, सभी को फूलों एवं प्राकृतिक रंगों से ही होली खेलनी चाहिए। उन्होंने कामना की कि सभी का जीवन होली के रंगों की तरह उल्लासपूर्ण, ऊर्जा से भरपूर और सकारात्मकता से ओत-प्रोत रहे। यह ऊर्जा और रंग केवल उत्सव तक सीमित न रहकर हमारे कार्यों में भी दिखाई देने चाहिए।  

उन्होंने होली के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व बुरे विचारों को त्यागने और अच्छे विचारों को अपनाने का प्रतीक है। उन्होंने भक्त प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए बताया कि अंततः अच्छे विचारों की ही जीत होती है। उन्होंने सभी को परोपकार और सद्भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।  

कार्यक्रम में राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा होली के रंगों से सजे मधुर गीतों के साथ भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम के भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने समारोह को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।  

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्यपाल जी अपने पूरे राजभवन परिवार के साथ हर त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाती हैं, जिससे प्रदेशवासियों को एक सकारात्मक संदेश और प्रेरणा मिलती है। इन आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है, क्योंकि इससे समाज में समरसता और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है।

संबंधित समाचार