राष्ट्रीय पहचान बनाएगा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय... आनंदीबेन पटेल ने दिए निर्देश शीघ्र भरें रिक्त पद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शासक बोर्ड की दूसरी बैठक में शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं की समीक्षा

लखनऊ, अमृत विचार : राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनन्दीबेन पटेल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा और खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाया जाए। इसके लिए सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध हो सके।

इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करने तथा विश्वविद्यालय के सभी परिनियम समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले आवश्यक फर्नीचर और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

राज्यपाल सोमवार को जनभवन में वर्चुअल माध्यम से आयोजित मेजर ध्यान चंदस्पोर्ट यूनिवर्सिटी के शासक बोर्ड की द्वितीय बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के स्वीकृत शिक्षण और गैर-शिक्षण के रिक्त पद जल्द भरे जाएं। आवश्यकता के अनुसार कांट्रैक्ट आधारित, विजिटिंग और अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। साथ ही विश्वविद्यालय में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में निर्मित बैडमिंटन रैकेट के उपयोग पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि विभागीय शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप विश्वविद्यालय का अपना अकादमिक कैलेंडर तैयार किया जाए।

देश के प्रमुख संस्थानों से होंगे एमओयू

विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं खेल सहयोग को मजबूत करने के लिए स्पोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया, नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मद्रास तथा भारतीय सेना के साथ प्रस्तावित समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी चर्चा की गई।

संबंधित समाचार