Noida News: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल , दो नाबालिग भी हिरासत में
नोएडाः उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-63 थाना पुलिस ने कल देर एक मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य दो नाबालिग आरोपियों को बाद में हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि 17 मई को थाना 63 क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में दीपक (20) के साथ पैसे के विवाद को लेकर चार अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला किया।
गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में सेक्टर-63 थाना पर तुरंत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 18 मई की रात को बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर चार मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को देखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश पुलिस से बचने के लिए भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान अमन (22) पुत्र वीर सिंह, ग्राम पहासु सोई, बुलंदशहर और संदीप कुमार (20) पुत्र संजय सिंह, ग्राम खेरा, बुलंदशहर) के रूप में हुई। दोनों को अस्पताल में उपचार के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य दो आरोपी नाबालिग हैं, को पुलिस ने इलाके में व्यापक छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिन्दा कारतूस, एक आलाकल्त चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपी और बरामदगी गई वस्तुएं न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
