Ahmedabad Plane Crash: राज्यों के मुख्यमंत्रियों-वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख, दिल्ली CM रेखा समेत बाकी नेताओं का बयान आया सामने
दिल्ली। अहमदाबाद हवाई अड्डे से 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लंदन ले जा रहे एअर इंडिया के एक विमान के बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त होने पर देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और शीर्ष नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के लंदन जाने वाले बोइंग 787-8 विमान में चालक दल से सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।
बयान के मुताबिक, विमान में सवार यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल था। तेजी से नीचे आ रहा बोइंग विमान अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मेघानीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विमान हादसे को बेहद दर्दनाक व हैरान करने वाला बताया और सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाला है। मैं सभी यात्रियों एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी यात्री सकुशल हों और घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। इस कठिन समय में हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं।”
https://twitter.com/gupta_rekha/status/1933101657103225341
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत प्रयासों में भाग लेने और एअर इंडिया विमान दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का आग्रह किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और जारी राहत प्रयासों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पाटिल से बात की है।
https://twitter.com/JPNadda/status/1933099565369983233
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘एक्स’ पर कहा, “अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एअर इंडिया यात्री विमान की घटना के बारे में जानकर दुख हुआ और स्तब्ध हूं। सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।”
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) विधायक आदित्य ठाकरे ने भी कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध और दुखी हैं। उन्होंने कहा, “मैं जीवित बचे लोगों और उस विमान में सवार सभी लोगों के परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। आइए हम सभी के लिए उम्मीद और प्रार्थना करें।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना की खबर सुनकर स्तब्ध और व्यथित हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं। आपदा प्रतिक्रिया बल सभी प्रभावितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में सवार सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार प्रमुख शरद पवार ने इस घटना को हृदय विदारक बताया और राहत पहुंचाने के लिए घटनास्थल पर काम कर रही एजेंसियों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
https://twitter.com/PawarSpeaks/status/1933098120360968516
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना के बारे में कहा, “एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन उड़ान से जुड़ी दुखद घटना से मैं बहुत दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और उनके परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा, “मैं भगवान श्री जगन्नाथ से सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
https://twitter.com/MohanMOdisha/status/1933103332219924601
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने भी विमान दुर्घटना पर दुख जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वह अहमदाबाद के पास हुए विमान हादसे से चिंतित हैं और उन्होंने सभी यात्रियों व चालक दल की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
https://twitter.com/Naveen_Odisha/status/1933096395273273578
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बहुत चिंतित हूं। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख जाहिर किया। मुख्यमंत्री मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। एक यात्री विमान उड़ान के दौरान एक रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। धुएं और तबाही की तस्वीरें बेहद परेशान करने वाली हैं।”
https://twitter.com/BhagwantMann/status/1933109589093851418
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा, “हवाई दुर्घटना की खबर से बेहद दुखी हूं। प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं।” कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “यह जानकर गहरा सदमा लगा कि 200 से ज्यादा यात्रियों को ले जा रहा एअर इंडिया का विमान गुजरात के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।” उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि प्रभावित सभी लोगों को समय पर मदद मिले।”
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1933101166201540897
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा, “अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से मैं बहुत दुखी हूं। इस हृदय विदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारत सरकार को गहन और पारदर्शी जांच करानी चाहिए।”
https://twitter.com/DKShivakumar/status/1933099216907157555
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुआ विमान हादसा बेहद दुखद और हृदय विदारक है। एअर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”
https://twitter.com/NitishKumar/status/1933114857563578677
इसके अलावा झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना व तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपालों ने विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
ये भी पढ़े : लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 204 शव मिले, पुलिस कमिश्नर ने की पुष्टि
