मुरादाबाद में जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर बिरयानी को लेकर बवाल, पंचायत के दो गुटों में पथराव-फायरिंग 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में ईद मिलादुन्नबी के जश्न में राजनीति ने बवाल करा दिया। बिरयानी को लेकर पंचायत चुनाव के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। पथराव और फायरिंग में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस भी हालात काबू करने में पस्त पड़ गई। पुलिस की मौजदूगी में भी एक करीब घंटे तक बवाल होता रहा। गांव में भारी फोर्स बुलाकर शांति बनाई गई। 

घटनाक्रम उमरी सब्जीपुर गांव का है। पंचायतों में राजनीतिक तपिश बढ़ गई है। शुक्रवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी था। पंचायत चुनाव के दोनों गुटों ने जश्न की तैयारियां कर रखी थीं। 

राशन डीलर खलील ने जुलूस के लिए बिरयानी पकवाई थी। आरिफ गुट के कुछ लोग खलील के यहां बिरयानी खाने पहुंच गए। चुनावी बिरयानी पर शुरू हुई बहस बवाल में बदल गई। 

दोनों पक्षों से पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले और जुलूस को रोक दिया। शाम होते-होते एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव के साथ फायरिंग होने लगी। दिनभर गांव में अफरा-तफरी और खौफ का माहौल बना रहा। करीब एक घंटे तक भयंकर पथराव होता रहा और पुलिस हालात नियंत्रित करने में जुटी रही। 

बवाल के बीच आम ग्राीमण अपने घरों में ठिठक गए। गांव में बवाव की सूचना पर थाना प्रभारी योगेश कुमार भारी पुलिस फोर्स लेकर उमरी सब्जीपुर पहुंचे। पुलिस ने यहां उपद्रवियों पर लाठियां चलाकर खदेड़ा। पुलिस की सख्ती के बाद उनके तेवर थोड़े ठंडे पड़े।

घटना में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि इसमें कितने लोगों को चोटें आई हैं। अरबाज, सिब्ते, संजीदा और नदीम आदि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। 

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की शिकायत पर खलील की राशन की दुकान रद्द कर दी गई थी। इसी को लेकर वह रंजिश रख रहा था। झगड़े का एक कारण यह भी है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उधर, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर इस हरकत से लोग हैरान है।

संबंधित समाचार