PM मोदी ने हिमाचल और पंजाब के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, आर्थिक सहायता का ऐलान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के  बाढ़ व प्राकृतिक आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण आर्थिक सहायता का ऐलान किया। पीएम मोदी ने हिमाचल के चंबा, भरमौर, कांगड़ा और अन्य बाढ़ एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया तथा 1500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने बाढ़ और प्राकृतिक आपदा में मारे जाने वालों के निकटतम परिजनों को दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मोदी ने हवाई सर्वेक्षण के बाद कांगड़ा में अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में हुये नुकसान का आकलन भी किया गया। उन्होंने इस दौरान हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा करते हुये कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन कोष और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जायेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति, राष्ट्रीय राजमार्गों का जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष के तहत राहत का प्रावधान और पशुधन के लिए मिनी किट भी जारी किये जायेंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को सहायता प्रदान करने की आवश्यकता को समझते हुये, कृषकों विशेष रूप से उन किसानों को अतिरिक्त सहायता प्रदान की जायेगी, जिनके पास वर्तमान में बिजली कनेक्शन नहीं है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त घरों की जियोटैगिंग की जायेगी। इससे नुकसान का सटीक आकलन करने और प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। श्री मोदी ने कहा कि निर्बाध शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल क्षति की रिपोर्ट करने और उसे जियोटैग करने से समग्र शिक्षा अभियान के तहत समय पर सहायता मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि वर्षा जल के संग्रहण और भंडारण के लिए जल संचयन के वास्ते पानी को फिर से भरने की संरचनाओं का निर्माण किया जायेगा। इन प्रयासों से भूजल स्तर में सुधार होगा और बेहतर जल प्रबंधन को बल मिलेगा। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने नुकसान की सीमा के आकलन के लिए हिमाचल प्रदेश के दौरे पर अंतर- मंत्रालयी केंद्रीय दल पहले ही भेज दिये हैं, तथा उनकी विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर और सहायता पर विचार किया जायेगा। 

प्रधानमंत्री ने आपदा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना और गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने अतिवृष्टि, बाढ़ और भूस्खलन से मारे गये लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख तथा घायलों के परिजनों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। 

मोदी ने कहा कि आपदा प्रबंधन नियमों के तहत राज्यों को अग्रिम भुगतान सहित सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने तत्काल राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, राज्य प्रशासन और अन्य सेवा-केंद्रित संगठनों के कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के ज्ञापन और केंद्रीय टीमों की रिपोर्ट के आधार पर मूल्यांकन की फिर से समीक्षा करेगी। प्रधानमंत्री ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि केन्द्र सरकार स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रयास करेगी। 

मोदी ने पंजाब में बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का किया आकलन 

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब में आयी बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का आकलन करने के लिए मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मंगलवार को अपराह्न मोदी के गुरदासपुर पहुंचने पर पंजाब भारतीय जनता पार्टी महिला इकाई की अध्यक्ष जयइंदर कौर ने उनका स्वागत किया। रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू राजधानी से इस दौरे में प्रधानमंत्री के साथ पहुंचे हैं।मोदी ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। 

उन्होंने गुरदासपुर के टिब्बडी कैंट में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, कैबिनेट मंत्री गुरदीप सिंह मुंडियां, पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय कुमार सांपला, पंजाब के पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य तरुण चुघ सहित कई उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। 

प्रधानमंत्री ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से बातचीत की और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा अन्य बचावकर्मियों से भी बात की। मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोदी से मिलने के लिए तीन मंत्रियों का एक समूह भेजा है। 

संबंधित समाचार