Uttarakhand News: गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट संपन्न, नौ राज्यों से 179 गोल्फरों ने लिया हिस्सा, राज्यपाल ने विजेताओं को प्रदान किए पुरस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नैनीताल, अमृत विचार। लोक भवन गोल्फ क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट-2026 रविवार को समाप्त हो गया। टूर्नामेंट में देश के नौ राज्यों से 179 गोल्फरों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं लोक भवन गोल्फ क्लब के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता में समर्थ जैन ओवरऑल चैंपियन बने, जबकि आशीष जैन उपविजेता रहे। बेस्ट नेट श्रेणी में नुसरत अब्बासी विजेता और अंशुल छाबरा उपविजेता रहे। सुपर वेटरन ग्रॉस वर्ग में कर्नल एस.सी. गुप्ता विजेता तथा एस.के. सूरी उपविजेता रहे। महिला वर्ग में डॉ. सृष्टि धौन ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आरोही अत्री उपविजेता रहीं।

वेटरन ग्रॉस कैटेगरी में जफर इकबाल विजेता और कर्नल मनोज के. साह उपविजेता रहे। मास्टर विजितेंद्रीय सिंह तोमर को सबसे होनहार गोल्फर का खिताब दिया गया। जूनियर वर्ग में 15-17 आयु वर्ग में आलिया सिसोदिया विजेता और कृष्णम विनायक उपविजेता रहे। 12-14 आयु वर्ग में जोहेब अब्बासी विजेता और मेधांश सिंह बिष्ट उपविजेता घोषित किए गए। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में अरिहंत जोशी विजेता और रिदित नैथानी उपविजेता रहे।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि 21वां गवर्नर्स कप खेल भावना, अनुशासन और सामूहिक उत्सव का प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सात वर्ष के बच्चों से लेकर 81 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने एक साथ खेलकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन भविष्य के लिए प्रेरणादायक है।

राज्यपाल ने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कोर्स प्रकृति और खेल के अद्भुत समन्वय का उदाहरण है। उन्होंने प्रतिभागियों से इस अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समारोह में प्रथम महिला गुरमीत कौर, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, गोल्फ कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार