विराट को क्लीन बोल्ड कर रातोंरात स्टार बने प्रिंस यादव, अब अफगानिस्तान के खिलाफ मिली भारत की जर्सी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: शहर और इकाना स्टेडियम युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के लिए बेहद भाग्यशाली साबित हुआ। जिस मैदान पर उन्होंने आईपीएल में विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड कर सनसनी मचाई थी, उसी प्रदर्शन ने अब उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा खोल दिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) खेमे और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

7 मई को इकाना स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में प्रिंस यादव ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से विराट कोहली की गिल्लियां बिखेर दी थीं। इस बड़े विकेट ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उनकी गेंदबाजी की लगातार तारीफ होने लगी। दबाव की स्थिति में विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें खास पहचान दिलाई।

नेट बॉलर से इंटरनेशनल टीम तक का सफर

प्रिंस यादव का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। 2023 में वे पहली बार एलएसजी कैंप से नेट बॉलर के रूप में जुड़े थे। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा। 24 मार्च 2025 को डेब्यू के बाद उन्होंने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

आईपीएल 2025 में उन्होंने पूरे सीजन में 16 विकेट लिए और टीम के प्रमुख गेंदबाजों में शामिल रहे। नई गेंद से शुरुआती सफलता और डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर की बदौलत उन्होंने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे।

संबंधित समाचार