Kanpur News : आधुनिक अशोक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेंगे छात्र-छात्राएं, सपा विधायक ने किया उद्घाटन
कानपुर, अमृत विचार। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने अपनी विधायक निधि से ऐतिहासिक तिलक मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित अशोक लाइब्रेरी के सुंदरीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इस लाइब्रेरी में छात्र एवं छात्राएं अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
रविवार को मेस्टन रोड स्थित तिलक भवन में अशोक लाइब्रेरी का उद्घाटन करने आए सपा विधायक ने कहा कि लाइब्रेरी का निरीक्षण करने के दौरान यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते मिले थे। बच्चों की मेहनत, अनुशासन और सपनों को देखकर उनके मन में इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी को और अधिक सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने का संकल्प लिया जो आज पूरा हो गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भूधर नारायण मिश्रा (पूर्व विधायक), आनंद मेहरोत्रा, प्रदीप द्विवेदी (गुड्डू), हर प्रकाश अग्निहोत्री, मूल चंद्र सेठ, मदन मोहन शुक्ला, संजय मेहरोत्रा, विजय पंडित, सुरेश गुप्ता, रमाकांत मिश्रा, पवन गुप्ता, संदीप शुक्ला, हरिओम पांडे, सुरभित जायसवाल, दीपा यादव, गगन दीक्षित पार्षद रजत बाजपेई आदि मौजूद रहे।
महात्मा गांधी ने किया था लाइब्रेरी का उद्घाटन
अशोक लाइब्रेरी का इतिहास अत्यंत गौरवशाली एवं प्रेरणादायक रहा है। 26 सितंबर 1931 को अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी द्वारा इस भवन की नींव रखी गई थी। तत्पश्चात 24 जुलाई 1934 को महात्मा गांधी ने इसका उद्घाटन किया तथा वर्ष 1940 में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन द्वारा इसका विधिवत लोकार्पण किया गया।
बताते चलें कि वर्ष 1925 में “तिलक मेमोरियल सोसायटी” की स्थापना लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जी की स्मृति में सार्वजनिक पुस्तकालय एवं सार्वजनिक भवन की स्थापना के उद्देश्य से की गई थी। संस्था के संस्थापक सदस्यों में लाला बिशम्भर नाथ जी, डॉ. मुरारी लाल जी, लाला चंगा मल जी, श्री ज्वाला प्रसाद जी, अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी, श्री नारायण प्रसाद अरोड़ा जी, पी. गंगाधर गणेश जोग जी एवं श्री नारायण प्रसाद निगम जी जैसे महान व्यक्तित्व शामिल रहे।
