बाराबंकी के गाँव से लापता हुईं 3 किशोरियां: 24 घंटे से तलाश जारी, परिजनों में कोहराम
बाराबंकी, अमृत विचार। थाना रामनगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत से साग लेने गई तीन किशोरियां अचानक लापता हो गईं। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग न लगने से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को उनकी तलाश में लगाया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिछलखा निवासी रमेश कुमार की 16 वर्षीय पुत्री संतोषी, राकेश रावत की 13 वर्षीय पुत्री क्रांति तथा शिवकुमार की 12 वर्षीय पुत्री काजल गुरुवार शाम करीब 4 बजे गांव के ही विपिन मौर्य के खेत में बथुआ साग बीनने गई थीं।
देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन तीनों बालिकाओं का कोई पता नहीं चल सका। सूचना पाकर 112 पीआरवी पहुंची। उसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कराई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा खेत, आसपास के गाँवों और संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार शाम तक तीनों का कोई पता नहीं चल सका था, वहीं परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि खोजबीन के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार काम कर रही हैं। ग्राम बिछलखा में इस घटना से दहशत और बेचैनी का माहौल व्याप्त है।
