एसीआई पुरस्कार में लखनऊ हवाई अड्डे का जलवा, घोषित किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रस्थान-एयरपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। हवाई अड्डों के शीर्ष वैश्विक संगठन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिषद (एसीआई) ने लखनऊ एयरपोर्ट को उसकी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रस्थान-हवाई अड्डा घोषित किया है। साथ ही आगमन श्रेणी में भी वह दूसरे स्थान पर रहा। एसीआई द्वारा मंगलवार को कनाडा के मॉन्ट्रियल में '2025 एएसक्यू कस्टमर एक्सपेरिंयंस अवॉर्ड्स' की घोषणा की गयी। 

इसमें लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को 50 लाख से डेढ़ करोड़ सालाना क्षमता वाले एयरपोर्ट की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया है। चार करोड़ से अधिक सालाना क्षमता वाले हवाई अड्डों में भारत से दो हवाई अड्डों को जगह मिली है। इस श्रेणी में चीन की राजधानी बीजिंग का डैक्सिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले स्थान पर है।

इसके बाद क्रमशः मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रहा। एसीआई यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर हवाई अड्डों को रैंकिंग जारी करता है। इस बार की रैंकिंग के लिए 7.07 लाख यात्रियों से प्रतिक्रिया ली गयी थी। खास बात यह है कि लखनऊ हवाई अड्डे को आगमन के अनुभव के आधार पर भी दुनिया में दूसरा स्थान मिला है।

इसमें बहरीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले और फिलिपींस के माबालाकट स्थित क्लार्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर है। शीर्ष छह आगमन-हवाई अड्डों की सूची में शामिल छह एयरपोर्ट में चार भारत के हैं। लखनऊ हवाई अड्डे ने बेंगलुरु, मेंगलुरु और हैदराबाद हवाई अड्डों को भी पीछे छोड़ दिया है।

बेंगलुरु का केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा चौथे, मेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पांचवें और हैदराबाद का राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा छठे स्थान पर है। एसीआई की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि साल 2025 में हवाई यात्रियों की संख्या 9.8 अरब रही, जो इस साल बढ़कर 10.2 अरब पर पहुंच जायेगी।

इससे हवाई अड्डों पर दबाव बढ़ रहा है। इसके बावजूद वैश्विक स्तर पर यात्री-संतुष्टि में इजाफा हुआ है। सीमा एवं पासपोर्ट नियंत्रण को लेकर यात्रियों की संतुष्टि में सबसे अधिक इजाफा दिखा। हवाई अड्डे का परिवेश और सफाई, यात्रियों को प्रभावित करने वाले सबसे बड़े कारक रहे।

संबंधित समाचार