Moradabad: इस सर्दी बढ़ रहा जयपुरिया, लुधियाना और कश्मीरी कंबलों का क्रेज
मुरादाबाद, अमृत विचार। ठंड की मार के बीच बाजारों में कंबल और रजाई की बिक्री जोरों पर है। व्यापारियों के अनुसार रोजाना शहर में औसतन 1500 से अधिक कंबल और रजाई की बिक्री हो रही है। जयपुरिया, लुधियाना और कश्मीर के रंगीन कंबलों और रजाइयों को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
कांठ रोड, रामपुर रोड, संभल रोड, और दिल्ली रोड जैसे प्रमुख जगहों पर अस्थाई व्यापारी भी कंबल और रजाई की दुकानें सजाकर बैठे हैं। इन तरीकों से ठंड से बचाव के लिए खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ लगी रहती है। गुलाबबाड़ी चुंगी पर कंबलों व रजाइयों के विक्रेता रोहित ने बताया कि इस बार ग्राहक हल्की, नरम और ज्यादा गर्माहट देने वाली फाइबर के फर वाली रजाइयों को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह रजाइयां ठंड में आरामदायक और लंबे समय तक गर्म रखने में सक्षम होती हैं।
पीएससी तिराहा पर रजाई विक्रेता मोहम्मद शमीम ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ-साथ रजाई की बिक्री में भी वृद्धि हुई है। हर दिन कम से कम 15-20 रजाई और कंबल बिक रहे हैं, जो पिछले हफ्ते की तुलना में तीन गुना ज्यादा हैं। व्यापारियों का कहना है कि लोगों की खरीदारी में तेजी से वृद्धि होने के कारण स्टॉक तेजी से खत्म हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार व अस्थाई व्यापारी दोनों ही इस तेजी से बढ़ती मांग से खुश हैं और कंबल-रजाई के नए डिजाइनों व रंगों को लेकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। इस ठंड में गर्माहट भरे कंबल और रजाई लोगों के लिए जरूरी आवश्यकता बन गई है।
इंसेट
बाजार में रजाई व कंबल की रेंज
फाइबर रजाई सिंगल बेड - 1500 से 4000 रुपये तक
फाइबर रजाई डबल बेड - 2000 से 6000 रुपये तक
रंगीन कंबल सिंगल बेड - 550 से 2000 रुपये तक
रंगीन कंबल डबल बेड - 1500 से 4000 रुपये तक
