दिशा की बैठक: तीन मौतों का जिम्मेदार कौन, अफसर बोले-जांच करा रहे
बरेली, अमृत विचार। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद छात्रपाल गंगवार ने शनिवार देर रात दिल्ली हाईवे पर सड़क के बीच खड़े पेड़ के कारण तीन लोगों की मौत पर अफसरों से पूछा कि पेड़ के कारण हादसा हुआ, इसमें किसकी गलती है। इस पर डीएम ने कहा कि एडीएम सिटी, एसपी ट्रफिक, पीडब्ल्यूडी और आरटीओ से जांच करा रहे हैं।
इस पर सासंद ने पूछा कि हादसा क्या वन विभाग के कारण हुआ है। बैठक में पेंशन, बिजली, पानी, स्वास्थ्य जैसे कई मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अफसरों को सवालों में घेरा। प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के दौरान विधायकों और ब्लॉक प्रमुखों ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं कागजों में दुरुस्त हैं मगर असलियत में हाल बदहाल है।
विकास भवन के सभागार में सोमवार को हुई बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद छत्रपाल गंगवार सिंह ने जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम आवास (ग्रामीण) आदि योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा में जब सड़कों की खराब दुदर्शा का जिम्मेदार मिट्टी खनन में लगे डंपरों को बताया तो कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने खनन अधिकारी से कहा कि आप किसी की बात सुनते नहीं हो।
तुम्हारे हिसाब से खनन रात में चलता है। नवाबगंज में आरसीएल के डंपरों के कारण सड़कों की डैमेज होने पर एनएचएआई के अभियंता अश्वनी चौहान भी निशाने पर रहे। आंवला सांसद नीरज मौर्य ने क्षेत्र की आंवला-अलीगंज-गैनी समेत कई मार्गों को लेकर एक्सईएन राजीव अग्रवाल और भगत सिंह से सवाल जवाब किए।
बैठक के दौरान ही बीच रोड पर बिजली के पोल का मामला भी उठा। इस पर डीएम ने बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर से कहा कि नाथ काॅरिडोर में जो पोल सड़कों पर आ रहे हैं, उनको हटाने की जिम्मेदारी आपको दी गई है, इसलिए इनको शीघ्र ही हटवाएं। समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर से सांसद नीरज मौर्य ने पूछा कि जिले में वृद्धजनों के लिए शिविर लगाए या नहीं, इस पर कहा 22 नवंबर 2025 को सभी ब्लॉकों में पेंशन को लेकर कैंप आयोजित किए थे। इस पर ब्लॉक प्रमुखों ने कहा कि हम लोगों को कैम्प की कोई सूचना नहीं दी गई।
नीरज मौर्य ने कहा कि यह अधिकारी कमेटी के अध्यक्ष के निर्देश नहीं मान रहे हैं। यह तो बहुत गलत है। इस पर समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि हम 15 ब्लॉक के फोटो भी दिखा देंगे। इस पर डा. एमपी आर्य बोले-गुमराह मत कीजिए, कैंप हुए होंगे, लेकिन उसमें आपकी उपस्थित नहीं थी, यह जानकारी क्यों नहीं दे रहे। डीएम ने कहा कि आगे से जनप्रतिनिधियों को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराएं। बैठक में मेयर डा. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक प्रमुख बोले-झूठ बोल रहीं प्रोबेशन अधिकारी
जिला प्रोबेशन अधिकारी भी बैठक में जनप्रतिनिधियों के निशाने पर रहीं। समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि जिले में 98 हजार विधवाओं को पेंशन मिल रही है। इस पर नीरज मौर्य ने पूछा कि क्या कैम्प नहीं लगते हैं। प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि शेरगढ़ और फरीदपुर में बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के कैंप लगाए गए थे। क्षेत्र पंचायत की बैठकों में भी वह पेंशन से जुड़े मामलों को लेकर जाती हैं। इस पर भदपुरा और नवाबगंज के ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि किसी बैठक में न तो प्रोबेशन अधिकारी जाती हैं और न इनका कोई स्टाफ जाता है। प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि ब्लॉक पर हमारे पास टीम नहीं। केवल तीन लोग हैं। इस पर भदपुरा के ब्लॉक प्रमुख भड़क गए। सांसद नीरज ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के साथ मिलकर कैम्प लगाएं। डीएम ने कहा कि विधवा पेंशन के बड़े कार्यक्रम का आयोजन करें और उसके बारे में सभी को बताएं।
सीएम को भेजा था पत्र, फिर भी कुछ नहीं हुआ
नीरेंद्र राठौर ने कहा कि नवाबगंज में सड़क किनारे तेजी से अतिक्रमण हो रहा है। स्थानीय अधिकारी सुनते नहीं, सीएम को भी पत्र भेजा था, फिर भी कुछ नहीं हुआ। इस पर बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता ने सफाई दी कि सभी नदियों के सीमांकन की डिमांड शासन को गई है। अभी केवल रामगंगा नदी किनारे का सीमांकन हुआ है। सांसद छत्रपाल गंगवार ने मीरगंज से कैलाश नदी की तरफ कटान की बात कही और कहा कि पिछली बार बालू से पटाना कराया था। इस पर विधायक डाॅ.एमपी आर्य ने कहा कि सिंचाई बन्धु की बैठक जिला स्तर पर कराई जाए।
नीरज मौर्य बोले- फर्जी सूचनाएं देते हैं जल निगम ग्रामीण वाले
जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा के दौरान एक्सईएन कुमकुम गंगवार ने बताया कि 82 परियोजनाओं पर कार्य पूर्ण हो चुका है, उसकी सूची भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। इस पर कई ब्लॉक प्रमुख भड़क गए और कहा कि हमको कोई अपडेट सूची नहीं मिली है। एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि फरीदपुर के तीन मजरों में एक ही गांव में पानी जा रहा है। इस पर एक्सईन ने कहा कि कहा कि वहां काम पूर्ण नहीं है। इस पर सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि जितने कार्य पूर्ण हुए हैं, कमेटी बनाकर रैंडम चेक कराया जाए। सांसद ने कहा कि पिछली से पिछली बैठक में आपने जो सूचना दी थी वह पूरी तरफ फर्जी पाई गई। इस योजना को आपने बर्बाद कर दिया। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि पिछले बजट का जल जीवन मिशन का 50 फीसदी भी खर्च नहीं हुआ। इस बार और बजट मिला है।
जेई आरईडी को हटाएं, यह प्रशासन को गुमराह करते हैं
भदपुरा के ब्लॉक प्रमुख रवि गंगवार ने मेथी नवदिया में अस्थाई गौशाला का मामला उठाया और कहा कि यहां कोई बाउंड्री नहीं। जेई आरईडी नहीं जाते। उनको हटा दें मेरे ब्लॉक से। आरोप लगाया कि बिना प्रस्ताव पास हुए ही इंटर लॉकिंग भेजकर जेई ने प्रशासन को गुमराह किया है। वहीं, विधायक डॉ एमपी आर्य ने कहा कि अफसर नंदी गोशाला बनाएंगे तो वह अपनी निधि से 25 लाख रुपये देंगे। इस पर डीएम ने प्रस्ताव मिलने पर तत्काल ही काम शुरू कराने की बात कही।
पीएम केयर से मिले वेंटिलेटर का हिसाब देने से बचते रहे सीएमओ
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमओ डा. विश्राम कई मामलों में निशाने पर रहे। सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि 300 बेड अस्पताल के तमाम उपकरण खराब हो रहें, इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सीएमओ से पूछा कि पीएम केयर से कितने वेंटिलेटर आए थे, इस पर सीएमओ ने कहा कि संख्या नहीं पता। सांसद ने कहा कि लोकसभा में कहा गया कि हर जिले में भेजे गए हैं। इस पर सीएमओ ने कहा कि 33 वेंटीलेटर हैं। सांसद ने कहा कि 300 बेड में जब इनका उपयोग नहीं हो रहा तो कहीं और लगाएं। एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि कितनी पीएचसी और सीएचसी हैं जहां सामान भेजा जा सकता है। नवाबगज के ब्लॉक प्रमुख आशुतोष गंगवार ने सीएचसी की अव्यवस्थाओं पर हमला बोला।
सांसद बोले- प्राइवेट एम्बुलेंस की गुंडागर्दी कैसे रोकेंगे
दिशा की बैठक में सरकारी एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने पर जब सवाल उठे तो सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद सूचना देने पर भी सरकारी एंबुलेंस नहीं पहुंचती है, प्राइवेट एंबुलेंस इसका फायदा उठाते हैं और मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा देते हैं और भारी बिल वसूलते हैं। सांसद ने इसे ''''प्राइवेट एम्बुलेंस की गुंडागर्दी'''' करार दिया और कहा कुछ दिन पहले उन्होंने खुद इस मामले में हस्तक्षेप कर बिल में पचास फीसदी की छूट दिलाई। अधिकारियों से सवाल किया कि इस गुंडागर्दी को कैसे रोका जाएगा। आरटीओ प्रवर्तन ने जवाब दिया कि ''कार्रवाई की जाएगी।''
