Bareilly: तीन दिन और घने कोहरे का येलो अलर्ट...बरेली का प्रदेश में चौथा नंबर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में ठंड के साथ कोहरे का भी असर लगातार बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप खिलने के बावजूद तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। प्रदेश में प्रमुख जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान कम मामले में पिछले कई दिनों से बरेली शामिल हो रहा है। 

शनिवार को भी मुजफ्फरनगर, कानपुर और बाराबंकी के बाद बरेली सबसे ठंडा रहा और रात से सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने तीन दिन और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम 7.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में तेज धूप खिलने से तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो गई और सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार के मुताबिक अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।

 

संबंधित समाचार