कार्यकर्ता और नेता बूथों पर मजबूती से काम करें : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ता और नेता बूथों पर मजबूती से काम करें। एसआईआर का दूसरा चरण चल रहा है। नए वोट बनाए जा रहे हैं। सभी लोग मिलकर छूटे मतदाताओं का वोट बनवाएं और मतदाता सूची में शामिल करायें।
सपा प्रमुख सोमवार को पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग मतदाता सूची पर पूरी नजर रखें, कोई चूक नहीं होनी चाहिए। पार्टी के नेता-कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर नए मतदाताओं के लिए फार्म- 6 भरवा कर उनका नाम जुड़वाएं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाएं बर्बाद हैं। महिला अपराध और साइबर क्राइम में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है। किसान, नौजवान परेशान हैं।
‘विवेक’ में ‘आनंद’ की अवस्था तक पहुंच जाओ
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने युवाओं के मार्गदर्शक स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का उपाधिक नाम ‘विवेकानंद’ अपने आत्म-स्वरूप में यही सबसे बड़ा संदेश रहा कि ‘विवेक’ में ‘आनंद’ की अवस्था तक पहुंच जाओ।
सपा प्रमुख ने कहा कि विवेकानंद की आंतरिक स्वतंत्रता का आह्वान था, क्योंकि विवेक अंतस्थ होता है और वो तभी जन्म लेता है, जब कोई किसी और का या उसके कहे का ‘मानसिक ग़ुलाम’ नहीं होता है। ऐसा महान संदेश ही लोगों को स्वयं सोचने के लिए प्रेरित करता है, जिससे लोग बाहरी, दिखावटी और छद्म गतिविधियों और शाब्दिक मायाजाल के पीछे छिपे ढोंग, पाखंड, महाझूठ और गहरे निहित स्वार्थ को पहचान पाते हैं।
