लखनऊ : गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क में बनेगी बर्ड एवियरी, प्रस्तावित परियोजनाओं को मण्डलायुक्त ने दी मंजूरी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। लखनऊ में शहर को हरित, आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से बड़े पैमाने पर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। करीब 195 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं को मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई अवस्थापना विकास निधि की बैठक में मंजूरी दी गई। 

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गोमती नगर में सहारा ग्रुप से खाली कराई गई भूमि पर गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा है। इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से यहां लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी बनाई जाएगी। 

करीब एक एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस एवियरी में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्राकृतिक आवास के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को पक्षी संसार को नजदीक से देखने का अनुभव मिलेगा। इसी क्रम में उच्च न्यायालय के पास ग्रीन बेल्ट की लगभग 2500 वर्गमीटर भूमि पर करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से संविधान पार्क विकसित किया जाएगा।

इस पार्क में अशोक स्तम्भ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल और लैंडस्केप जैसे आकर्षक कार्य कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य आम लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करना है। गोमती नगर में ग्वारी फ्लाईओवर के पास ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में 8 करोड़ की लागत से मिनी स्पोर्ट्स एरिया और 8.5 करोड़ की लागत से लोटस पार्क विकसित किया जाएगा। 

वहीं गोमती रिवर फ्रंट पर करीब 6 करोड़ की लागत से बच्चों के लिए विशेष वंडर पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा अर्जुनगंज में करीब 5 करोड़ की लागत से पाण्डव पार्क विकसित होगा। कानपुर रोड योजना स्थित ईको गार्डेन में पीपीपी मॉडल पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से इन्सेक्टोपीडिया पार्क बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें जंगल ट्रेल और कीटों की विशाल आकृतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। 

वहीं, ऐशबाग की सुप्पा झील के संवर्धन व सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें बाउंड्री वॉल, पाथ-वे, हॉर्टीकल्चर और साफ-सफाई के कार्य होंगे। साथ ही फैजुल्लागंज क्षेत्र में सड़क और जल निकासी के लिए करीब 1.5 किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत होगी और पार्कों में 250 ओपन जिम भी स्थापित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार