महराजगंज : नेपाल सीमा से घुसपैठ का प्रयास, चीनी महिला गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर चीन की एक महिला नागरिक को वैध वीजा और पासपोर्ट दस्तावेजों के बिना भारत में प्रवेश की कोशिश करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा क्षेत्र के बैरिया बाजार से एक चीनी महिला को शुक्रवार पूर्वाह्न एक बजे भारत में प्रवेश करते देखा गया। 

उसने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध महिला को देखकर उसे नियमित जांच के लिए पुलिस की मदद से रोका। एक अधिकारी ने बताया कि नेपाल से भारत आ रही इस महिला के पास कोई वीजा और पासपोर्ट नहीं मिला जिसके बाद उसे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सोनौली क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया। 

नौतनवा पुलिस थाना प्रभारी (एसएचओ) पुरुषोत्तम राव ने बताया कि महिला के पास से मिली पर्ची के आधार पर उसकी पहचान चीन की हुआजिया जी के रूप में हुई है।उन्होंने कहा, ‘‘इस बात की जांच की जा रही है कि वह चीन के किस शहर की निवासी है और भारत आने का उसका उद्देश्य क्या है।’’ एसएचओ ने कहा कि भाषा संबंधी समस्या के कारण अभी तक कोई विशिष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।  

संबंधित समाचार