Bareilly: 30 से बरेली-बांदीकुई पैसेंजर और 22 जनवरी से चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन के पुन: संचालन का ऐलान रेल प्रशासन ने पहले ही कर दिया था। अब ट्रेन को चलाए जाने की तिथि भी रेल की तरफ से जारी की गई। 30 जनवरी से बरेली बांदीकुई पैसेंजर का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। यात्रियों की तरफ से लगातार इस ट्रेन को चलाने की मांग की जा रही थी।
जंक्शन पर रविवार को सांसद छत्रपाल गंगवार और मुरादाबाद रेल मंडल सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान बरेली बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी रोक दिया गया था। बरेली-बांदीकुई के बीच दैनिक यात्रियों के लिए विशेष रूप से यह एक महत्वपूर्ण ट्रेन थी। लिहाजा यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए वाया चंदौसी-अलीगढ़ इसके पुन: संचालन का फैसला लिया गया। ट्रेन 30 जनवरी से संचालित की जाएगी। ट्रेन का पूरा शेड्यूल भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन की जानकारी भी दी गई। बताया कि ट्रेन संख्या 13065 हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जनवरी से प्रत्येक गुरुवार हावड़ा से 23:10 बजे चलकर अगले दिन रात्रि 20:58 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी और आनंद विहार के लिए रवाना होगी। ट्रेन संख्या 13066 आनंद विहार-हावड़ा 24 जनवरी से प्रत्येक शनिवार आनंद विहार से सुबह 05:15 बजे चलकर 10:36 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
इन महत्वपूर्ण कार्यों की दी जानकारी
01-बरेली जंक्शन व सीबीगंज स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण
02-श्मशान भूमि रेलवे क्रासिंग पर जल्द पूरा होगा निर्माणाधीन अंडरपास
03-फरीदपुर में रेलवे क्रासिंग 352 सी पर रफ्तार पकड़ेगा आरओबी निर्माण कार्य
04-बरेली जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 का विरस्तार कार्य प्रस्तावित
05-नगरिया सादात स्टेशन पर होगा फुटओवर ब्रिज का निर्माण
06-बरेली जंक्शन पूर्वी यार्ड में अंडरपास का निर्माण
08-रेलवे फाटक संख्या 372 सी पर अंडरपास का निर्माण
09-फाटक संख्या 372 व परसाखेड़ा स्टेशन पर अंडरपास का निर्माण
10-भिटौरा रेलवे स्टेशन फाटक संख्या 371सी पर फ्लाइओवर का निर्माण
