UP: चंद्रग्रहण की समाप्ति पर संगम तट पर दिखा श्रद्धालुओं का रेला

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। साल का पहला चंद्र ग्रहण देशभर में दिखाई दिया और प्रयागराज की संगम नगरी में भी श्रद्धालुओं ने इसकी झलक देखी। प्रयागराज में चंद्र ग्रहण शाम 6 बजकर 8 मिनट से प्रारंभ हुआ और 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त हो गया। चंद्रमा का उदय लगभग 6 बजकर 34 मिनट पर हुआ, जिसके बाद आसमान में ग्रहण का दृश्य स्पष्ट दिखाई दिया।

ग्रहण के दौरान त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालु पूजा-पाठ करते नजर आए और वहीं से चंद्रमा का नजारा देखा। ग्रहण समाप्त होने के बाद मंदिरों की विधिवत साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात लेटे हनुमान मंदिर, आलोप शंकरी शक्तिपीठ तथा ललिता देवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंगलवार होने के कारण प्रयागराज के कोतवाल कहे जाने वाले लेटे हनुमान मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रातः काल से सूतक लगने के कारण श्रद्धालु सुबह पूजा-अर्चना नहीं कर सके थे, लेकिन ग्रहण समाप्ति के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन पुनः प्रारंभ हो गया। ग्रहण खत्म होने के बाद श्रद्धालुओं ने माँ गंगा में स्नान कर पूजा-पाठ किया और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

संबंधित समाचार