Uttrakhand: मगरमच्छ ने हिरण को पल भर में बनाया निवाला 

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रामगंगा में मर्चुला क्रोकोडाइल प्वाइंट पर दिखा रोमांचक नज़ारा

रामनगर, अमृत विचार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच बहने वाली रामगंगा नदी से एक रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो मंगलवार को सामने आया। वायरल वीडियो में एक मगरमच्छ ने पल भर में ही एक हिरण को अपना निवाला बना दिया। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।

 वायरल वीडियो में जो रोमांचक नज़ारा देखने को मिला वह  मर्चुला के प्रसिद्ध क्रोकोडाइल प्वाइंट के बताया जा रहा हैं। जहां मगरमच्छ ने अपनी फुर्ती और घातक अंदाज से एक हिरण (काकड़) का शिकार किया। यह वीडियो वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों द्वारा रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक हिरण बेखबर होकर नदी किनारे पहुंचता है, उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं होता कि उसके बगल में लकड़ी की तरह लेटा एक मगरमच्छ घात लगाए हुए है। जैसे ही हिरण मगरमच्छ के बेहद करीब पहुंचता है, मगरमच्छ बिजली की रफ्तार से हमला करता है, पलक झपकते ही वह अपने मजबूत जबड़ों में उसको जकड़ लेता है। जब तक हिरण कुछ समझ पाता, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। मगरमच्छ उसे तेजी से घसीटते हुए रामगंगा नदी के गहरे पानी में ले जाता है और कुछ ही क्षणों में दोनों पानी के भीतर ओझल हो जाते हैं। 

जंगल में हर पल संघर्ष का पल 
यह दृश्य जहां एक ओर पर्यटकों के लिए हैरान करने वाला था। वहीं, वन्यजीवन की वास्तविकता को भी दर्शाता है कि, जंगल में हर पल जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष चलता रहता है। इस पर कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि यह प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि शिकारी और शिकार दोनों ही ईको सिस्टम का अहम अंग हैं। इस प्रकार की घटनाएं जंगल के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 

दोनों प्वाइंट पर्यटकों के आकर्षण के केंद्र
रामगंगा नदी और मर्चुला क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जहां प्रकृति का यह अनछुआ और वास्तविक रूप अक्सर देखने को मिल जाता है। सीटीआर के निदेशक डॉ. बडोला ने यहां आने वाले पर्यटकों से सावधानी बरतने की गुजारिश की है और किसी भी वन्य प्राणी को परेशान नहीं करने का आग्रह किया है।

संबंधित समाचार