भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है : अखिलेश
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है। एसआईआर ही एनआरसी है। लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी है। सपा के नेताओं -कार्यकर्ताओं को सावधान रहना है।
सपा प्रमुख शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये हुए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। अखिलेश यादव ने कहा है कि जगत गुरू शंकराचार्य को मानने वाला हर व्यक्ति आज दुःखी है और उनके साथ-साथ सनातन के अपमान के लिए भी उसकी भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं। चाहे प्रयागराज में ‘संतों-साधुओं-महात्माओं’ के अपमान का मामला हो या काशी में पूज्य अहिल्या देवी होल्कर जी की धरोहर के अपमानजनक ध्वस्तीकरण का, ये सब ‘सनातनी परंपरा’ को खत्म करने की भाजपाई संगी-साथियों की गहरी साजिश है।
वहीं विभिन्न जिलों से आये हुए उलमाओं से मुलाकात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए अग्नि परीक्षा है।
