आजीविका मिशन से जुड़ेंगे राशन कार्ड परिवार, पात्र परिवारों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
लखनऊ, अमृत विचार : राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से राशन कार्ड धारक निर्धन परिवार जोड़े जाएंगे। जिले में 7,671 नये स्वयं सहायता समूह गठित करके परिवार की महिलाओं को शामिल किया जाएगा। जाे समूह से जुड़कर घर बैठे बड़े-छोटे कार्य करके परिवार का हाथ बंटाएंगी। इससे आजीविका में सुधार आएगा।
इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के 2,67,124 पात्र गृहस्थी और अन्त्योदय राशन कार्ड धारक निर्धन परिवार चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 1,15,167 सदस्य यानी परिवार की महिलाएं पहले से संचालित 10,447 समूह से जुड़कर आजीविका चला रहीं हैं। इसी तरह शेष सभी महिलाओं को नये समूह बनाकर जोड़ने की योजना है। ताकि हर एक महिला समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
पहले चरण में मिशन ने जिले को 7,671 नये समूह बनाकर राशन कार्ड धारक परिवार की महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य आवंटित किया है। एक समूह में अधिकतम 20 महिलाएं जोड़ी जाएंगी। इसके अलावा पहले से संचालित समूह में यदि संख्या कम है तो महिलाओं को उसमें महिलाओं को जोड़ा जाएगा। समूह में महिलाओं को जनपद स्तर पर चयनित आईसीआरपी टीम अभियान चलाकर जोड़ेगे।
इसके अलावा गांव-गांव सक्रिय समूह सखी और सोशल एक्शन कमेटी द्वारा जोड़ा जाएगा। मिशन महिलाओं को कामकाज के लिए ऋण उपलब्ध कराएगी। इससे महिलाएं खाद्य पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अन्य हाथ के बने सामान बनाकर बिक्री करेंगी। जिला विकास अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि समूह गठन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
