लखीमपुर खीरी : पिपरिया झाऊ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

तीन दिन पहले दर्ज हुई थी रिपोर्ट, पुलिस कर रही जांच

भानपुर, अमृत विचार। भीरा थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द के मजरा पिपरिया झाउ में एक 26 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 और बिजुआ चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गांव पिपरिया झाऊ निवासी नेकीराम (26) के खिलाफ तीन दिन पहले एक लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बताया जाता है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से नेकीराम मानसिक रूप से काफी परेशान था। उसने रात में अपने कमरे में फांसी का फंदा बनाकर गले में डाल लिया और लटक कर आत्महत्या कर ली। सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने झांककर देखा तो वह फंदे से लटक रहा था। इससे परिवार में कोहराम मच गया। चीख पुकार मचने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर यूपी 112 पुलिस व बिजुआ चौकी प्रभारी रमेश सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि मृतक नेकीराम पर तीन दिन पहले एक रिपोर्ट दर्ज हुई थी। उस पर एक लड़की को भगा ले जाने का आरोप था। थानाध्यक्ष के अनुसार लड़की ने कोर्ट में बयान दिया था कि वह नेकीराम के साथ नहीं, बल्कि अपने परिवार के साथ जाना चाहती है। परिजनों ने इस घटना के संबंध में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया है और वे मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार