बाराबंकी : मछली पालन केन्द्र पर बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, आठ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। गणतंत्र दिवस की रात मछली पालन केन्द्र पर बंधक बनाकर हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन सभी ने रेकी कर वीडियो बनाया तब लूट की प्लानिंग की। हालांकि लूटी गई रकम में से साढ़े 87 हजार ही बरामद हो सके। जहांगीराबाद क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मिश्रीपुर स्थित देवां फिशरीज में 26 जनवरी की रात असलहाधारी बदमाशों ने धावा बोला। यहां अलाव ताप रहे मजदूरों को बंधक बनाकर अलमारी में रखे 4 लाख 80 हजार रुपये व 5 मोबाइल फोन उठा ले गये।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि स्वाट, सर्विलांस व थाना जहांगीराबाद पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त मुकेश कुमार पुत्र चेतराम निवासी ग्राम गनौरा थाना जहांगीराबाद, शिवराज पुत्र मनोहर उम्र निवासी बंकी दक्षिण टोला थाना कोतवाली नगर, देवाशीष सिंह चौहान पुत्र संदीप कुमार निवासी बालागंज थाना ठाकुरगंज, नौसाद पुत्र मुख्तार निवासी बीकेटी भौनी थाना बीकेटी जनपद लखनऊ, राजकुमार उर्फ प्रज्ञादीप रंजन उर्फ राज पुत्र मायाराम गौतम निवासी ग्राम मामापुर, मो0 सोनू पुत्र महबूब निवासी ग्राम सिपहिया, जुनैद पुत्र निसार अली निवासी ग्राम बरेठी व सुहेल पुत्र गौस मोहम्मद निवासी ककरहा मोड़ बाईपास थाना देवा को पलिया मसूदपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 5 अवैध तमंचा, 4 मोबाइल फोन, 87,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ से पता चला कि इन सभी का एक गैंग है जो लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देता है। गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश कुमार उपरोक्त व वांछित अभियुक्तगण सूरज व आशू द्वारा घटना की योजना बनाई गयी थी, घटना करने से पूर्व फार्म हाउस की कई बार रेकी की गयी थी तथा फार्म हाउस का वाडियो भी बनाया गया, वहीं सारी जानकारी एकत्र की गई।

संबंधित समाचार