जिला अस्पताल में तीन घंटे तक गुल रही बिजली, वार्डों-इमरजेंसी में छाया रहा अंधेरा, परेशान रहे मरीज-तीमारदार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: जिला अस्पताल में रविवार दोपहर करीब तीन घंटे तक बिजली गुल रहने से अंधेरा छा गया। दोपहर एक बजे से लगभग चार बजे तक अस्पताल के विभिन्न वार्डों और इमरजेंसी सेक्शन में लाइट नहीं आई, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी हुई।

इमरजेंसी में एक मरीज के टांके लगाने का काम बिना बत्ती के करना पड़ा। डॉक्टरों और स्टाफ को मोबाइल की टॉर्च या अन्य वैकल्पिक तरीकों से काम चलाना पड़ा। सामान्य वार्डों में भर्ती मरीजों को भी अंधेरे में समय बिताना पड़ा। कई मरीजों ने शिकायत की कि इस दौरान दवाइयां लेना, जांच कराना और बुनियादी सुविधाएं इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया। कुछ तीमारदारों ने बताया कि अंधेरे में मरीजों की देखभाल करना चुनौतीपूर्ण रहा।

जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि यह शटडाउन जानबूझकर लिया गया था। अस्पताल में पहले की व्यवस्था के अनुसार बिजली गुल होने पर सभी ओपीडी में एयर कंडीशनर जनरेटर से चल जाते थे, जिससे लोड बहुत अधिक बढ़ जाता था और जनरेटर भी फेल हो जाता था। इस समस्या से निपटने के लिए एएमएफ (ऑटोमैटिक मेन फेल्योर) पैनल लगवाने का निर्णय लिया था। अब नई व्यवस्था के तहत बिजली गुल होने पर केवल तीनों ऑपरेशन थिएटर में ही एसी चलेंगे। अन्य ओपीडी और वार्डों में एसी बंद रहेंगे, ताकि लोड कम रहे और जनरेटर सुचारू रूप से काम कर सके। डॉ. चौधरी ने कहा कि यह कदम अस्पताल की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपात स्थिति में बेहतर बैकअप सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

 

संबंधित समाचार