लखनऊ : आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को मिली रफ्तार, प्रदेश में 2775 में से 2581 आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण पूर्ण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में प्रस्तावित 2775 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों में से 2581 का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 194 केंद्रों का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा किए जाने की प्रक्रिया में है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रारम्भिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव हर गांव और शहरी वार्ड तक पहुंचे।

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जोहरी ने बताया कि नए आंगनबाड़ी भवनों में बच्चों के अनुकूल कक्ष, पोषण कक्ष, बैठक स्थल, शौचालय, रसोईघर और सुरक्षित पेयजल की अनिवार्य व्यवस्था की जा रही है। साथ ही खेल सामग्री और बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र न केवल बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं, बल्कि स्थानीय महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का भी सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि कुपोषण के खिलाफ चल रही मुहिम को और अधिक मजबूती मिले। इसके लिए पोषण ट्रैकर, डिजिटल पंजीकरण और निगरानी व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंचे। बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण बच्चों की उपस्थिति बढ़ी है, अभिभावकों का भरोसा मजबूत हुआ है और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुरक्षित व बेहतर कार्य वातावरण मिला है।

संबंधित समाचार