रामपुर: मुंशीगंज चौराहे पर सड़क हादसे में टाइल्स मिस्त्री की मौत
रामपुर, अमृत विचार। मुंशीगंज चौराहे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार मटर से भरी अज्ञात कैंटर ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम अलीनगर जागीर थाना स्वार निवासी हरीश सैनी (21) पुत्र शांति प्रसाद, पेशे से टाइल्स-पत्थर के मिस्त्री थे।
मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे वे अपने साथी कारीगर अभिषेक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर काम के सिलसिले में काशीपुर जा रहे थे। जैसे ही वे मुंशीगंज चौराहे पर पहुँचे, सामने से आ रही मटर से लदी एक अनियंत्रित अज्ञात कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरीश सैनी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचित किया। हरीश अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। हरीश की मौत की खबर मिलते ही गांव अलीनगर जागीर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है। ज़िला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
