Bareilly : अलंकार अग्निहोत्री पहुंचे बरेली, 7 को दिल्ली कूच का ऐलान
बरेली, अमृत विचार। संतों के अपमान और यूजीसी का विरोध करते हुए इस्तीफा देकर एडीएम कंपाउंड से राज्य और केंद्र सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने वाले निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मंगलवार की देर शाम लाल फाटक रोड स्थित परशुराम धाम मंदिर पहुंचे। बड़ी संख्या में बरेली परिवार से जुड़े लोगों ने अलंकार का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। मंदिर परिसर जय परशुराम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। अलंकार अग्निहोत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना की।
उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि 6 फरवरी तक केंद्र सरकार ने एससी-एसटी एक्ट कानून को वापस नहीं लिया तो 7 फरवरी को समर्थकों के साथ दिल्ली कूच किया जाएगा। दिल्ली में रहकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठित रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की। वह पीलीभीत और बीसलपुर में समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद बरेली पहुंचे थे। वह करीब दो घंटे परशुराम धाम में रुकने के बाद रामपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पंडित गजेंद्र पांडेय, समर्थ मिश्रा, आर्येंद्र मिश्रा, अविनीश चौबे आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
दरअसल, अलंकार अग्निहोत्री लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से एससी-एसटी एक्ट के विरुद्ध आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से 6 फरवरी तक काले कानून को वापस लेने का समय दिया है। इसके बाद एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यह एक्ट सामान्य वर्ग और ओबीसी वर्ग से जुड़े लोगों को बर्बाद कर रहा है। सामान्य वर्ग में डर का वातावरण उत्पन्न करने वाला कानून है।
