काशी में कांग्रेस का 8 फरवरी को संविधान संवाद सम्मेलन, 'भारत-अमेरिका ट्रेड डील, मणिकर्णिका घाट' समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी को काशी में वरुणा पुल के समीप शास्त्री घाट पर 'संविधान संवाद सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है।

लहुराबीर स्थित कैंप कार्यालय में अजय राय ने कहा कि देश और प्रदेश में हालात ऐसे बन गए हैं कि आम आदमी, किसान, महिलाएं समेत हर वर्ग के लोग परेशान हैं। देश के प्रधानमंत्री अमेरिका के सामने नतमस्तक हो गए हैं।राहुल गांधी जिस किताब का जिक्र कर रहे हैं, उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है।

संसद में स्पीकर नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दे रहे हैं। इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर काशी के लोग 8 फरवरी को शास्त्री घाट पर एकत्र होंगे। पाँच सांसदों सहित कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के लोग भी इसमें शामिल होंगे।

मोदी जी जिस समझौते पर जश्न मना रहे हैं और ढोल बजा रहे हैं, वह समझौता अमेरिका के कदमों में बैठकर किया गया है। तेल अब वेनेजुएला से लेंगे।अमेरिका का यहाँ प्रभाव है? पाँच सांसदों में सहारनपुर से इमरान मसूद, सीतापुर से राजेश राठौर, प्रयागराज से उज्ज्वल रमण, अमेठी से किशोरी लाल और बाराबंकी से तनुज पुनिया सहित अन्य कई नेता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मदरसों की जांच की घोषणा की है, लेकिन गोरखनाथ पीठ पर होने वाली भारी फंडिंग और वहां चढ़ाए जाने वाले सोने की भी जांच होनी चाहिए। ऑनलाइन गेमिंग में बच्चों की जान जा रही है-इसका दोष किस पर है? प्राइवेट नौकरियां खत्म हो रही हैं, इसी दबाव में बच्चे गेमिंग की ओर बढ़ रहे हैं। तीन बच्चियों की मौत का जिम्मेदार कौन है?

अजय राय ने आगे कहा कि मणिकर्णिका घाट पर जो मूर्तियां तोड़ी गईं, आखिर वे गईं कहां? भ्रम फैलाया गया कि एआई से वीडियो जनरेट किया गया। सरकार को सच बताना चाहिए कि मूर्तियां आखिर कहां गईं। 8 फरवरी के सम्मेलन में हर मुद्दे को उठाया जाएगा और उस दिन कई बड़े खुलासे होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के हाथों देश को गिरवी रखकर गुजरात लॉबी को फायदा पहुँचाया जा रहा है। काशी में कई स्थानों पर जमीनें बिना मुआवजे के ली जा रही हैं। गंजारी स्टेडियम के पास की जमीनें गुजरात के लोगों को दी जा रही हैं।  

संबंधित समाचार