पीलीभीत: कनिष्ठ लिपिक की मौत मामले में FIR, पत्नी और दो साले नामजद, मां ने लगाए संगीन आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। विकास विभाग के कनिष्ठ लिपिक संजय सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक की मां ने पुत्रवधू और उसके दो भाईयों पर नौकरी हथियाने और रुपये के लालच में हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोतवाली में दर्ज की गई रिपोर्ट में सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला खुशीमल की रहने वाली 60 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय रामगोपाल ने बताया कि उसके पुत्र संजय सैनी (48) की शादी 2002 में शीतल सैनी पुत्री मदनलाल से हुई थी। संजय सैनी बीसलपुर ब्लॉक में कनिष्ठ लिपिक विकास विभाग पद पर तैनात था। पुत्र और पुत्रवधू अलग कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैजुल्लाह खां में रहते थे। आरोप है कि पत्नी आए दिन संजय सैनी के साथ मारपीट करती थी। उसकी तनख्वाह अपने एकाउंट में ट्रांसफर कर लेती। बीते साल पंद्रह अगस्त के संजय सैनी ने घर आकर बताया था कि उसकी जान को खतरा है। उसकी पत्नी शीतल उसकी हत्या कर स्वयं नौकरी लनेने की योजना बना रही है। ये भी कहा था कि अगले माह से वह मां के साथ आकर रहेगा।

22 अगस्त 2025 को सुबह छह बजे अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर बतया कि संजय सैनी की लाश उसके घर में पड़ी है। इस पर वह अपने चचेरे देवर के पुत्र मनोज सैनी व अन्य लोगों के साथ वहां पर पहुंची। वहां पुत्रवधू शीतल सैनी के आंवला बरेली के मोहल्ला किला निवासी  भाई पंकज और विनय मौजूद थे। जब उनसे संजय के बारे में पूछा तो बताया कि शरीर ठंडा पड़ चुका है। ये श्राी बताया कि डॉक्टर को नहीं दिखाया हे। इस पर वह परिवार के सदस्यों संग जिला अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन वहां मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि पत्नी पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर शव को प्राइवेट वाहन से जबरन घर ले गई। इसके बाद उसी वक्त कोतवाली जाकर सूचना दी और फिर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के बीच और रीढ़ के पास चोट निकली। आरोप लगाया कि नौकरी व रुपये के लालच में पुत्रवधू ने अपने भाईयों संग मिलकर पुत्र की हत्या कर दी है। पूर्व में कोतवाली पुलिस और एसपी को शिकायत पत्र दिया गया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब कोतवाली पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कर रही है।

संबंधित समाचार