Bareilly: धौरेरा माफी और कमुआ कलां की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा, जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची का वृहद पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है। पुनरीक्षण कार्य में पंचायत की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा कर नाम शामिल करने की तमाम शिकायतें पहुंचने लगी हैं। 

ग्राम पंचायत धौरेरा माफी और कमुआ कलां की वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा होने की लिखित शिकायत मिलने पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जांच बैठाई है। एसडीएम सदर को जांच करने के लिए पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। एसडीएम सदर प्रमाेद कुमार ने तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह को दोनों ग्राम पंचायतों की वोटर लिस्ट की जांच कराकर आख्या उपलब्ध कराने के लिए कहा है।

वृहद पुनरीक्षण में बीएलओ अनुराग आनंद प्रथम, मिलेगा दस हजार का इनाम
बरेली, अमृत विचार: पंचायत एवं नगरीय निकाय के जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण में ई-बीएलओ एप पर 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की एंट्री करने पर सर्वोच्च आठ बीएलओ को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की है। जनपद स्तर मीरापुर ग्राम पंचायत के बीएलओ अनुराग आनंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 

अनुराग को 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। बसंतपुर ग्राम पंचायत के बीएलओ को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 8 हजार रुपये, मीरापुर ग्राम पंचायत के बीएलओ लालाराम को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 6 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। बिथरी चैनपुर ग्राम पंचायत के बीएलओ मिथलेश कुमार, सुजातपुर ग्राम पंचायत के बीएलओ शफीउद्दीन, इटौआ सुखदेवपुर ग्राम पंचायत की बीएलओ ममता यादव, केसरपुर ग्राम पंचायत की बीएलओ शादाम कौसर, राई नवादा ग्राम पंचायत की बीएलओ मीना गंगवार को सांत्वना पुरस्कार में तीन-तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

संबंधित समाचार