Bulandshahr Triple Murder : 50 हजार का इनामी बर्थडे बॉय जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी 50 हजार रुपये के इनामी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को ढाकर रोड क्षेत्र में पुलिस टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई।

इस दौरान जीतू सैनी पुलिस से घिर गया और दोनों ओर से हुई फायरिंग में वह मारा गया। मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी असलम तथा एक अन्य सिपाही घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को खुर्जा नगर के सुभाष रोड स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद हो गया था।

आरोप है कि इसी दौरान जीतू सैनी ने .32 बोर पिस्टल से फायरिंग कर भाजपा नेता के परिवार के तीन सदस्यों आकाश, मनीष और अमनदीप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया और तिहरे हत्याकांड में बदल गया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

संबंधित समाचार