मिर्जापुर में मनबढ़ युवकों ने पुलिस चौकी में मचाया उत्पात, दरोगा को भी पीटा, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिर्जापुर। मिर्जापुर में जिला अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी में बुधवार रात में कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान दरोगा एवं पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस के जवानों ने भाग कर किसी तरह खुद को बचाया। पुलिस ने इस मामले में तीन मनबढ़ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक विवेक चावला ने बताया कि बुधवार रात को एक टोटो चालक के वाहन से एक युवक को चोट लग गई थी। युवक और उसके साथी उसकी पिटाई कर रहे थे। पुलिस ने चालक को बचा कर थाने में कमरे में बंद कर दिया था। मनबढ़ अपराधी देहात कोतवाली के मेउली गांव है। अपने दो दर्जन साथियों को बुलाया और पुलिस से टोटो चालक को छोड़ने के लिए अड़ गए और पुलिस पर धावा बोल दिया जिसमें कांस्टेबल कमलेश पासवान और चौकी प्रभारी मनोज राय एवं दो अन्य पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

चौकी प्रभारी मनोज राय ने पांच नामजद और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्री चावला ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस बीच घटना का वीडियो वायरल हो गया जिसमें चौकी में पुलिस की पिटाई के दृश्य के साथ भाग-दौड़ का भी दृश्य है।नगर क्षेत्र में घटना की अच्छी खासी चर्चा है। 

संबंधित समाचार