अवैध कारोबार के खिलाफ सुलतानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार, 98 किलो गांजा बरामद
सुलतानपुर। उत्तर-प्रदेश पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने लगभग 98.927 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि बीते 28 अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सुलतानपुर क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध गांजे की खरीद-फरोख्त करने वाले हैं।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी और सुलतानपुर की स्थानीय पुलिस टीम ने कोतवाली नगर क्षेत्र के सौरमऊ अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध नीले रंग की बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी देख कार सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट और डिग्गी से कुल चार बोरियां मिलीं, जिनमें 99 छोटे पैकेटों में 98.927 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा भरा हुआ था।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान वेदप्रकाश मिश्रा (43) निवासी ग्राम बेलाही, थाना लम्भुआ, जनपद सुल्तानपुर और पवन कुमार तिवारी (52), निवासी पठखौली रोड, कस्बा व थाना लम्भुआ, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग यह गांजा बिहार से लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बिहार स्थित सप्लायरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस सफल ऑपरेशन में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत, उप-निरीक्षक करुणेश पाण्डेय , उप-निरीक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
