अयोध्या : होलिका दहन स्थल पर बनेगा पार्क, लगेगी बाबा साहब की मूर्ति;महापौर व नगर आयुक्त ने किया भ्रमण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। नगर की सरकार आपके द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अमानीगंज वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने होलिका दहन स्थल पर पार्क बनवाने एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगवाने पर सहमति जताई। महापौर व नगर आयुक्त सुबह के लगभग पौने आठ बजे अमानीगंज वार्ड पहुंचे। पार्षद प्रतिनिधि सुनील यादव ने स्थानीय नागरिकों के साथ उनका स्वागत किया। यहां स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने की मांग की। 

महापौर ने अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ को नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से समन्वय स्थापित कर आवास दिलाने का निर्देश दिया। सेवानिवृत्त कैप्टन डीके उपाध्याय ने निर्माणाधीन साहबगंज नाले से छोटे नाले-नालियों को जोड़ने की मांग उठाई। महापौर ने आर्यावर्त अकादमी के पास जाकर स्थिति का अवलोकन किया। सहायक अभियंता राजपति यादव को अयोध्या विकास प्राधिकरण से संपर्क कर लोगों की जरूरत को देखते हुए नालियों को नाले से लिंक करने का निर्देश दिया। उन्होंने यहां गंदगी देखने पर नाराजगी जताई और कूड़ा हटवा कर सफाई कराने का निर्देश दिया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि पार्षद सुमन यादव के आग्रह पर होलिका दहन स्थल पर छोटे-छोटे पार्क बनवाने झूला एवं स्लाइड लगवाने के साथ ही बाबा साहब की प्रतिमा लगवाने का वादा किया। पठान टोलियां में आराध्या गौतम ने पेयजल समस्या की ओर महापौर का ध्यानाकर्षण कराया। वार्ड में शौचालय बंद होने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।

जांच में शुद्ध पाया गया पेयजल

महापौर ने भ्रमण के दौरान लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे पेयजल की जांच कराई। पानी का टीडीएस 450 पाया गया। इसके साथ ही जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए अवशेष क्लोरीन भी पानी में पाया गया। इस दौरान मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग का कार्य भी चल रहा था। इस पर नगर आयुक्त ने संतोष जताया।

ये भी पढ़ें : 
Barabanki Crime News: हत्थे चढ़ा अवसानेश्वर मंदिर का 2 चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद 

संबंधित समाचार