लोधेश्वर महादेवा धाम: डीएम ने अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, कहा- श्रद्धालुओं के लिए सारी व्यवस्थाएं हों दुरुस्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में चल रहे फागुनी मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने ऑडिटोरियम और बोहनिया तालाब पर लगाई गई बैरिकेडिंग जाल की स्थिति का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के पूजन-दर्शन के लिए बनाए गए होल्डअप बैरिकेडिंग की मजबूती देखी।

मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया गया। बंद पड़े आरओ के संबंध में जानकारी लेने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और इसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अभरण सरोवर तालाब और महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम का भी निरीक्षण किया। पंचायत भवन के निकट बनाए गए शौचालयों को चालू रखने के निर्देश दिए गए।

मेले बाग में दुकानों की व्यवस्था की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कीचड़ और जलभराव मिलने पर तुरंत मिट्टी डालकर मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पीएचसी के सामने बने रैन बसेरा का निरीक्षण करते हुए प्रकाश, शौचालय और अन्य व्यवस्थाएं ठीक कराने के साथ खंड विकास अधिकारी सूरतगंज से फोटो उपलब्ध कराने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त, महादेवा-लोधौरा मार्ग के किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा डाली गई गिट्टियों और केसरीपुर-महादेवा मार्ग के गड्ढों को तत्काल समतल कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आदि देव महादेव शिवलिंग का विधिवत पूजन-अर्चन कर जनकल्याण की कामना की और मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर अपर सीडीओ अ सुदन, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ अवधेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामनगर, सीओ रामनगर, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ देवेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार यादव, सीएचसी अधीक्षक प्रणव श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कांवड़ियों का आगमन हुआ तेज

रामनगर: सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में फागुनी मेले को लेकर कांवड़ियों का आगमन शुक्रवार से तेज होने लगा है। खासकर कानपुर और उन्नाव क्षेत्र से आए शिवभक्त बोल बम के जयकारों के साथ पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंच रहे हैं। रास्ते में बोहनिया में स्नान कर जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था दुरुस्त कर रहा है। जिलाधिकारी के पूर्व निर्देशों के अनुसार मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण भी आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना बता रहे हैं, जिससे अस्थायी दुकानें और प्रसाद व पूजन सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं।

संबंधित समाचार