Rampur : आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले न बंटने देंगे, न कटने देंगे

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिलासपुर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में बोले कल्कि पीठाधीश्वर

बिलासपुर (रामपुर), अमृत विचार। शुक्रवार को नगर की शिव बाग मंडी में हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्यातिथि कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कडे़ शब्दों का प्रयोग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बंटोगे तो कटोगे' वाले बयान का विरोध करने वालों को 'कुत्तों का भौंकना' बता दिया। इसके साथ नया नारा 'न बंटने देंगे, न कटने देंगे' बोलते हुए लोगों में जोश भर दिया।

कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम का भव्य स्वागत करते हुए स्कूली बैंड के साथ मंच तक लाया गया। उन्होंने भारतमाता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित किया। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल व भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित कई प्रमुख लोगों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। राज्यमंत्री ने पीठाधीश्वर को गदा भी भेंट की। स्कूली बच्चों ने गणेश वंदना की और आयोजन के मध्य कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने का कि अच्छी नहीं सच्ची बात कहने आए हैं ये कहकर संबोधन की शुरूआत की। उन्होंने भारत के अतीत को गौरवशाली और वर्तमान को शक्तिशाली बताते हुए कहा कि हिन्दुस्तान को 'हिन्दुस्थान' होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सनातन है, तब तक भारत है। भारत में सब धर्मों का सम्मान है, लेकिन सब धर्म समान नहीं हैं क्योंकि सनातन भारत का 'ओरीजन' है। आरएसएस की प्रशंसा करते हुए कहा कि राम और राष्ट्र के नाम पर समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने सभी से सनातन का संकल्प लेने का आग्रह किया।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख जगदीश ने कहा कि हिंदू सकारात्मक सोच रखते हुए राष्ट्र का निर्माण कर रहा है। आयोजन समिति की अध्यक्ष आरएसएस नेत्री निवेदिता मित्तल ने सनातन की यात्रा का वर्णन करते हुए हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता नगर के समाजसेवी विवेक अग्रवाल ने की, जबकि संचालन सपन अग्रवाल एडवोकेट ने किया। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी हरमनोज दास महाराज, ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, भाजपा नगराध्यक्ष अंगनलाल राजपूत, आरएसएस के विभाग प्रचारक बृजमोहन, जिला प्रचारक प्रमोद, राजेश चौहान, मधुबाला गुगलानी, रीता गौतम, परमजीत कौर पोला, सुखदर्शन सिंहल, डॉ. बलविंदर सिंह, सुनील गुप्ता, रवि गोयल, सौरभ सक्सेना एडवोकेट, विनय अग्रवाल, सुमित गोयल, जोगपाल सिंह, सत्यपाल जिंदल, अनिल मदान, चेतन पारुथी, सुनील मदान, चौधरी लोकेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार