Bareilly: महिला और दंपति से लूट करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
बरेली, अमृत विचार। महिला और एक दंपति के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जिसमें से एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
दरअसल चीनी मिल सेमीखेड़ा के पास रहने वाले किसान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बीती 18 जनवरी को सेमीखेड़ा चीनी मिल के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पत्नी का गहनों और नकदी से भरा पर्स छीन लिया था। देवरनियां पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शनिवार की रात पुलिस को ग्राम इटौआ के पास कुछ संदिग्धों के घूमने की खबर मिली लिहाजा संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया।
मगर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को पुलिस की गोली लगी। इनके पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस व एक अवैध चाकू बरामद किया। पुलिस ने जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, उनमें देवरिनया थाना ग्राम गुनाहट्टू निवासी कपिल मौर्य, अनिल मौर्य व सनी शामिल हैं।
लूट का माल और नकदी बरामद
महिला से जो पर्स लूटा गया था उसमें करीब 6 हजार रुपये नकद थे। वहीं बदमाशों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने शत प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया। बदमाशों के पास से पुलिस ने करीब 5600 की नकदी, सोने की एक चेन, एक कंठी, एक जोड़ी झुमके, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र व एक जोड़ी पाजेब चांदी की बरामद की। इसके अलावा भोजीपुरा में जादौपुर के पास एक फरवरी को दंपति के साथ हुई लूट का खुलासा भी कर दिया। लूटा हुआ मोबाइल और नकदी बरामद की।
