Pakistan vs USA: 20 टी20 विश्व कप 2026 में महीने पुरानी शर्मनाक हार का बदला लेने उतरेगा पाकिस्तान, कोलंबो में होगी रोमांचक टक्कर
कोलंबोः पाकिस्तान मंगलवार को यहां टी20 विश्व कप में जब अमेरिका से भिड़ेगा तो 20 महीने पहले इस टीम के खिलाफ मिली शर्मनाक हार का बदला लेने की कोशिश करेगा। वर्ष 2024 में विश्व कप में पदार्पण करते हुए अमेरिका ने पाकिस्तान पर यादगार जीत के साथ बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। मौजूदा टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत से हारने के बाद अमेरिका की टीम यहां सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में पाकिस्तान के खिलाफ एक और जीत दर्ज करने के लिए अतिरिक्त प्रेरित होगी।
दोनों ही टीम को बल्लेबाजी विभाग में काफी काम करना है। पाकिस्तान नीदरलैंड के खिलाफ 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी स्थिति में था लेकिन बीच के ओवरों में बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण टीम मुश्किल में पड़ गई। फहीम अशरफ की बदौलत हालांकि टीम जीत हासिल करने में सफल रही। अमेरिका ने वानखेड़े में मौजूदा चैंपियन भारत को दबाव में डाल दिया था लेकिन प्रभावशाली गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद उनके बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। पाकिस्तान की टीम में सभी की नजरें बाबर आजम पर होंगी जिन्होंने सबसे छोटे प्रारूप में वापसी की है। सलामी बल्लेबाज सईम अयूब से भी बल्ले से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अयूब हाल के दिनों में स्पिनर के तौर पर अधिक सफल रहे हैं।
कप्तान सलमान अली आगा का भी मानना है कि उनके खिलाड़ियों को नीदरलैंड के खिलाफ मैच की तुलना में दबाव से बेहतर तरीके से निपटना होगा। अमेरिका भी अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। कप्तान मोनांक पटेल ने स्वयं माना था कि उनकी टीम भारत के खिलाफ पावरप्ले में ढीले शॉट खेलने की दोषी थी। मोनांक भी खराब शॉट खेलकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका में जन्मे शैडली वैन शाल्कविक की अगुवाई में अमेरिका ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था।
हालांकि, सीनियर तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर का पहला मैच खराब रहा और वह पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। अमेरिका ने आईसीसी प्रतियोगिता से पहले श्रीलंका में अभ्यास किया था और वे यहां की परिस्थितियों से परिचित हैं। टीम के तेज गेंदबाज अली खान की फिटनेस पर सवालिया निशान लगा हुआ है जो भारत के खिलाफ मैच में लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे।
टीम इस प्रकार हैं:
अमेरिका: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गॉस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्थुश केनजिगे, शैडली वैन शाल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
समय: मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
